पटना : मुजफ्फरपुर में गुरुवार की सुबह मनियारी में एक चौकीदार की हत्या कर दी गई। मो. जैद को गोलियां लगने के बाद परिजन अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद लोग सड़क से हटे और वाहनों का आवागमन शुरू हो सका। सड़क जाम किए प्रदर्शनकारी का कहना था कि पुलिस तुरंत आरोपियों को पकड़े और कड़ी सजा दिलाए।

बमबाजी से दहला बाराहाट का महुआ भंडारी टोला
बांका के बाराहाट के महुआ भंडारी टोले में गुरुवार की सुबह बमबाजी में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। दरअसल, महुआ भंडारी टोले में चूटारी यादव और बसंत यादव के बीच सुबह में कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों में बमबाजी शुरू हो गई। पहले भी दोनों परिवारों में गोलीबारी हो चुकी है। बमबाजी में बबलू यादव, कारू भंडारी और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।











