पटना : पश्चिम बंगाल की भवानीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए गुरुवार को वोटिंग होगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भाजपा की प्रियंका टिबरीवाल मैदान में हैं। भवानीपुर उपचुनाव के लिए मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने श्रीजीव विश्वास को मैदान में उतारा है। अगर, यह चुनाव ममता हार जाती हैं तो उनको मुख्यमंत्री का पद छोड़ना होगा। इस विधानसभा चुनाव में भाजपा के शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हराया है। पार्टी को बहुमत मिलने के बाद ममता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। भवानीपुर उपचुनाव के मतदान का परिणाम तीन अक्टूबर को आएगा।
भवानीपुर विधानसभा के उप चुनाव के लिए केंद्रीय बलों की 20 कंपनियों को तैनात किया गया है। मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू किया गया है। यहां 97 मतदान केंद्रों के लिए 287 मतदेय स्थलों पर केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान तैनात हैं। बूथ के बाहर सुरक्षा की जिम्मेदारी कोलकाता पुलिस की होगी। कोलकाता पुलिस के अधिकारी के मुताबिक किसी भी मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में पांच या इससे अधिक लोगों को इकट्ठा होने की इजाजत नहीं होगी। अधिकारी ने बताया कि मौसम का लेकर सिंचाई विभाग को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। सिंचाई विभाग को निर्देश दिया गया है कि मतदान केंद्रों से बाढ़ का पानी निकालने के लिए पंप तैयार रखें।