कांग्रेस को डुबो रहे राहुल, उनके रहते भाजपा को कुछ करने की जरूरत नहीं : शिवराज

पटना : पंजाब में कांग्रेस पार्टी में मचे बवाल पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि जब तक राहुल गांधी हैं, भाजपा को कुछ करने की जरूरत नहीं है। मध्यप्रदेश के पृथ्वीपुर में रैली को संबोधित करते हुए शिवराज ने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस को डुबा रहे हैं। एक स्थापित पंजाब सरकार को गिरा दिया है। शिवराज ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर को सिद्धू की वजह से हटाया गया और सिद्धू भी भाग गए। हमें तब तक कुछ नहीं करना है, जब तक राहुल गांधी हैं। बता दें कांग्रेस नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बुधवार को दिल्ली में भाजपा नेता और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। गुरुवार को वह भाजपा में शामिल होंगे।

भाजपा में शामिल होने की बात नकार रहे कैप्टन
अमित शाह से मुलाकात के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपना बयान जारी किया है। उन्होंने भाजपा में शामिल होने की बात नहीं कही और बताया कि कृषि कानूनों को लेकर गृहमंत्री से चर्चा हुई है। यह भी बताया जा रहा है कि कैप्टन ने पंजाब की आंतरिक सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। कैप्टन का कहना है कि पंजाब में अस्थिरता की वजह से पाकिस्तान सीमावर्ती क्षेत्र में अशांति पैदा कर सकता है। इतना ही नहीं उन्होंने नवजोत सिंह सिद्धू पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान के करीबी होने का आरोप लगाया।

आप बोली- पंजाब में तमाशा चल रहा
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब सरकार पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वहां तमाशा चल रहा है। दरअसल, वह दो दिवसीय दौरे पर पंजाब पहुंचे हैं। यहां अरविंद केजरीवाल ने नवजोत सिंह सिद्धू का समर्थन किया और कहा कि कांग्रेस को चरणजीत सिंह चन्नी को बाहर निकाल देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *