पटना। बिहार में मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य संरक्षा विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पटना के विभिन्न इलाकों में विभागीय टीम ने सघन जांच एवं निरीक्षण अभियान चलाकर कई प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई की। अगमकुआं स्थित श्याम घी भंडार से 855 किलोग्राम घी और करीब 174 किलोग्राम मिल्क केक सहित अन्य खाद्य सामग्री जब्त की गई। वहीं, रामकृष्णा नगर के रिंकू फूड्स प्राइवेट लिमिटेड से 5,550 किलोग्राम नूडल्स पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 5.55 टन नूडल्स, 40 किलोग्राम खोया, लड्डू दाना, एक्सपायरी दूध सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई हुई। कई प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उन्हें बंद कराया गया या उत्पादन रोकने का निर्देश दिया गया।
श्याम घी भंडार से 855 किलो घी और 174 किलो मिल्क केक जब्त
अगमकुआं स्थित श्याम घी भंडार में निरीक्षण के दौरान खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री पर कार्रवाई की। यहां से 855 किलोग्राम घी और पांच बोरियों में रखे करीब 174 किलोग्राम मिल्क केक का विवरण जब्ती रिपोर्ट में दर्ज किया गया। घी और मिल्क केक का संयुक्त मूल्य करीब 5 लाख 99 हजार 400 रुपये बताया गया है। इसके अलावा 18 पैकेट नारियल पाउडर, करीब 18 किलोग्राम सामग्री, 5 किलोग्राम खीरा सीड्स और 6 पैकेट हाइड्रो सहित अन्य खाद्य पदार्थों पर भी कार्रवाई की गई। टीम ने घी और मिल्क केक के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री के भंडारण में इस्तेमाल किए जा रहे कंटेनरों, आवश्यक अभिलेखों और लाइसेंस से संबंधित कमियां सामने आईं। लाइसेंस उपलब्ध नहीं होने सहित अन्य अनियमितताओं के कारण प्रतिष्ठान को बंद कराया गया।
रिंकू फूड्स से 5,550 किलो नूडल्स पर कार्रवाई
भूपतिपुर, रामकृष्णा नगर स्थित रिंकू फूड्स प्राइवेट लिमिटेड में भी विभागीय टीम ने जांच की। यहां कुल 5,550 किलोग्राम नूडल्स पर कार्रवाई की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 22 हजार रुपये दर्ज की गई। जांच के दौरान नूडल्स की पैकेजिंग पर निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि और बैच नंबर से संबंधित जानकारी में अनियमितताएं पाई गईं। आटे से संबंधित अभिलेखों और परिसर की संरचनात्मक स्थिति को लेकर भी कमियां सामने आईं। टीम ने नूडल्स और मैदा के नमूने संग्रहित किए तथा प्रतिष्ठान को कमियों में सुधार कर खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
साधु स्वीट्स की कार्यशाला में गंदगी, दो दिनों तक उत्पादन बंद रखने का निर्देश
दानापुर कैंट के सदर बाजार स्थित साधु स्वीट्स एंड कन्फेक्शनरी की निर्माण इकाई में निरीक्षण के दौरान स्वच्छता से जुड़ी गंभीर कमियां मिलीं। विभागीय टीम ने यहां 40 किलोग्राम खोया, जिसकी कीमत 12 हजार रुपये थी, और 2 किलोग्राम औद्योगिक उपयोग वाले हाइड्रो, जिसकी कीमत 300 रुपये थी, को नष्ट कराया। नष्ट की गई सामग्री का कुल मूल्य 12,300 रुपये दर्ज किया गया। जांच में निर्माण स्थल पर पर्याप्त साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था नहीं मिली। कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता में भी कमियां पाई गईं। भंडारगृह में खाद्य और अखाद्य सामग्री एक साथ रखी हुई थी। इसके अलावा कर्मचारियों की मेडिकल रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और जल परीक्षण रिपोर्ट का समुचित संधारण नहीं पाया गया। प्रतिष्ठान के लाइसेंस में खाद्य व्यवसाय की श्रेणी भी सही दर्ज नहीं थी। टीम ने बेसन लड्डू और काजू कतली के नमूने लिए तथा कमियों में सुधार के लिए दो दिनों तक खाद्य पदार्थों का निर्माण बंद रखने का निर्देश दिया।
स्वीट्स एंड स्नैक्स में भी मिलीं कई अनियमितताएं
अनिसाबाद-खगौल स्थित स्वीट्स एंड स्नैक्स प्राइवेट लिमिटेड में जांच के दौरान 6 किलोग्राम ड्राई अमचूर पाउडर, 4 किलोग्राम कस्टर्ड पाउडर और 450 ग्राम के 256 पैकेट चाउ नूडल्स पर कार्रवाई की गई। इनकी कीमत क्रमशः 4,800 रुपये, 640 रुपये और 8,346 रुपये दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त 20 किलोग्राम खोया, जिसकी कीमत करीब 6 हजार रुपये थी, को नष्ट कराया गया। टीम ने अमचूर पाउडर, कस्टर्ड पाउडर, चाउ नूडल्स, काजू बर्फी, बेसन से बनी मिठाई, स्वीट खोया और रसगुल्ला सहित सात प्रकार के खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। निरीक्षण में मिठाई निर्माण क्षेत्र में मक्खियां पाई गईं। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, जल परीक्षण रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थीं। स्वच्छता मानकों के अनुपालन में भी कई कमियां सामने आईं।
फुलवारीशरीफ में एक्सपायरी दूध नष्ट, रसगुल्ले का नमूना लिया
फुलवारीशरीफ स्थित मां डेयरी प्रोडक्ट में निरीक्षण के दौरान 9 लीटर एक्सपायरी दूध मिला। विभागीय टीम ने इसे नष्ट करा दिया। इसकी अनुमानित कीमत 540 रुपये दर्ज की गई। इस दौरान रसगुल्ले का नमूना भी जांच के लिए संग्रहित किया गया। प्रतिष्ठान में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 और अनुसूची-4 के तहत निर्धारित स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत पाई गई। टीम ने सभी कमियों को दूर करने और निर्धारित मानकों का पालन करने का निर्देश दिया।
लॉरेन्स स्वीट्स और विकास की मिठाई दुकान भी बंद
भूपतिपुर स्थित लॉरेन्स स्वीट्स में निरीक्षण के दौरान 600 किलोग्राम लड्डू दाना जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये बताई गई है। प्रतिष्ठान के पास लाइसेंस नहीं होने के कारण इसे बंद कराया गया। वहीं, भूपतिपुर स्थित विकास की मिठाई दुकान में भी विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए 525 किलोग्राम लड्डू दाना जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत 63 हजार रुपये दर्ज की गई। यहां भी लाइसेंस नहीं होने के कारण दुकान बंद कराई गई।
खाद्य सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई
खाद्य संरक्षा विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों में लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। अभियान के दौरान संग्रहित नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया अपनाई गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग की टीम खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सही लेबलिंग, स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था और आवश्यक लाइसेंस एवं अभिलेखों की जांच कर रही है। आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा।












