AI Healthcare Workshop in Bihar-Health Minister Nishant with Gates Foundation-Bihar Aaptak

AI से बदलेगी बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था की तस्वीर, निशांत ने पेश किया स्मार्ट हेल्थकेयर का रोडमैप

पटना। बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को तकनीक आधारित, आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में राज्य सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में राजधानी पटना के होटल ताज सिटी सेंटर में गेट्स फाउंडेशन के सहयोग से बिहार सरकार की ओर से ‘AI for a Healthier Bihar: From Innovation to Impact’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने स्वास्थ्य सेवाओं के विभिन्न क्षेत्रों को एआई से जोड़ने की विस्तृत कार्ययोजना और अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल अस्पतालों का निर्माण करना नहीं, बल्कि वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ना है। दवाओं की उपलब्धता और आपूर्ति से लेकर जांच उपकरणों, डॉक्टरों की उपलब्धता, टेलीमेडिसिन, अस्पतालों में बेड प्रबंधन और एम्बुलेंस सेवाओं तक एआई का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब मरीजों को भी समय पर जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

ग्रामीण मरीजों को भी मिलेगी शहरी क्षेत्रों जैसी स्वास्थ्य सुविधा

अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि एआई स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने, डॉक्टरों की कमी से निपटने, ग्रामीण क्षेत्रों तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की पहुंच सुनिश्चित करने और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की निगरानी को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। सरकार की कोशिश है कि बिहार के किसी ग्रामीण इलाके में रहने वाले गरीब व्यक्ति को भी वैसी ही स्वास्थ्य सुविधा मिले, जैसी शहरी क्षेत्रों में उपलब्ध है। इसके लिए समय पर जांच, बीमारी की शुरुआती पहचान, सटीक निदान और शीघ्र उपचार सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि दवाओं की मांग, आपूर्ति, स्टॉक की उपलब्धता और भविष्य की जरूरतों का पूर्वानुमान लगाने की व्यवस्था को एआई से जोड़ा जाना चाहिए। दवाओं की प्रामाणिकता और सप्लाई चेन की निगरानी के लिए बारकोड, क्यूआर कोड, बैच नंबर और क्लिनिकल डेटा का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे दवाओं की उपलब्धता पर नजर रखने के साथ संदिग्ध आपूर्ति और अनियमितताओं की पहचान करने में भी मदद मिलेगी।

AI के सहयोग से होगी एक्स-रे, CT स्कैन और MRI रिपोर्ट की बेहतर जांच

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि अब समय आ गया है कि स्वास्थ्य विभाग के महत्वपूर्ण जांच उपकरणों को भी एआई से जोड़ा जाए। सीटी स्कैन, एमआरआई और अल्ट्रासाउंड जैसी आधुनिक जांच सुविधाओं के साथ एक्स-रे रिपोर्ट के विश्लेषण में भी एआई की मदद ली जा सकती है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी ग्रामीण क्षेत्र में मरीज का एक्स-रे होता है, तो एआई तकनीक की सहायता से उसमें बीमारी के संभावित संकेतों की शुरुआती पहचान की जा सकती है। इससे टीबी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के शुरुआती लक्षणों को पहचानने तथा समय पर आगे की जांच और उपचार शुरू करने में मदद मिलेगी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज अस्पतालों और जिला अस्पतालों में उपलब्ध जांच उपकरणों का ऑडिट कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि यह पता चल सके कि कौन-कौन से उपकरण उपलब्ध हैं और उनका उपयोग किस तरह हो रहा है। एआई आधारित तकनीक से जांच रिपोर्ट के विश्लेषण को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

टेलीमेडिसिन से गांवों तक पहुंचेंगे विशेषज्ञ डॉक्टर

निशांत ने कहा कि बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़े शहरों में जाकर विशेषज्ञ डॉक्टरों से इलाज कराना भी आसान नहीं होता। ऐसी स्थिति में एआई को टेलीमेडिसिन से जोड़कर ग्रामीण मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे परामर्श दिलाया जा सकता है। इससे मरीजों को अनावश्यक यात्रा और खर्च से राहत मिलेगी तथा उन्हें अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से ही बेहतर चिकित्सीय सलाह मिल सकेगी।

1. स्वास्थ्य सेवाओं में AI क्रांति: बिहार में दवाओं की आपूर्ति, डॉक्टरों की उपलब्धता, जांच और अस्पताल प्रबंधन को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ने की तैयारी।

2. जांच में मिलेगी AI की मदद: एक्स-रे, CT स्कैन और MRI रिपोर्ट के विश्लेषण से टीबी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान को बेहतर बनाने पर जोर।

3. ऑनलाइन मिलेगी बेड की जानकारी: सरकारी अस्पतालों में सामान्य वार्ड, ICU और अन्य क्रिटिकल केयर यूनिट में उपलब्ध बेड की रियल टाइम जानकारी मोबाइल और इंटरनेट पर देने की योजना।

4. स्मार्ट एम्बुलेंस का पायलट प्रोजेक्ट: शुरुआती चरण में 2-4 स्मार्ट एम्बुलेंस लाने की तैयारी। इनमें डिजिटल ECG, BP, पल्स, ऑक्सीजन मॉनिटरिंग, GPS और AI आधारित मरीज की स्थिति का आकलन होगा।

5. ग्रामीण मरीजों को मिलेगा विशेषज्ञ परामर्श: AI और टेलीमेडिसिन के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की पहुंच बढ़ाने और गरीब मरीजों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने पर जोर।

अस्पतालों में बेड की उपलब्धता की जानकारी होगी ऑनलाइन

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने अस्पतालों में बेड की उपलब्धता को डिजिटलाइज करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामान्य वार्ड, आईसीयू (ICU), हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) और अन्य क्रिटिकल केयर यूनिट में उपलब्ध बेड की वास्तविक स्थिति मरीजों और उनके परिजनों को ऑनलाइन उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले आईजीआईएमएस के निदेशक से इस संबंध में बातचीत हुई थी। उनसे ऐसी तकनीकी व्यवस्था विकसित करने को कहा गया है, जिसके माध्यम से अस्पताल में उपलब्ध और खाली बेड की जानकारी रियल टाइम में मिल सके। इस जानकारी को अस्पताल में डिस्प्ले करने के साथ इंटरनेट पर भी उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि लोग अपने मोबाइल से ही बेड की उपलब्धता देख सकें।

निशांत ने उदाहरण देते हुए कहा कि किसी जिले से गंभीर मरीज को पटना के पीएमसीएच रेफर किया जाता है, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर पता चलता है कि वहां बेड या संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं। ऐसी स्थिति में मरीज और उनके परिजनों को काफी परेशानी होती है। यदि रेफरल से पहले ही अस्पतालों में बेड, आईसीयू और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता की जानकारी मिल जाए, तो मरीज को उपयुक्त अस्पताल भेजना आसान होगा। इससे समय की बचत होगी और गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।

बिहार में आएंगी स्मार्ट एम्बुलेंस, 2-4 गाड़ियों के साथ जल्द शुरू होगा पायलट प्रोजेक्ट

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने एम्बुलेंस सेवाओं को एआई और आधुनिक तकनीक से जोड़ने की योजना भी साझा की। उन्होंने कहा कि बिहार स्वास्थ्य विभाग जल्द ही ऐसी स्मार्ट एम्बुलेंस लाने की दिशा में काम कर रहा है, जिनमें डिजिटल ईसीजी मशीन, पल्स, ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन मॉनिटरिंग की सुविधा होगी। इसके अलावा जीपीएस आधारित लाइव लोकेशन, अस्पतालों से डिजिटल संपर्क, एआई आधारित मरीज की स्थिति का विश्लेषण और विशेषज्ञ चिकित्सकों से वीडियो परामर्श की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी। एम्बुलेंस से ही मरीज की डिजिटल मेडिकल रिपोर्ट संबंधित अस्पताल को भेजी जा सकेगी, ताकि मरीज के पहुंचने से पहले ही उसके उपचार की तैयारी हो जाए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आईजीआईएमएस के निदेशक और तकनीकी विशेषज्ञों से बातचीत हुई है। शुरुआती चरण में दो से चार स्मार्ट एम्बुलेंस के माध्यम से पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की योजना है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दुर्घटना या अन्य मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में एम्बुलेंस जल्द से जल्द मरीज तक पहुंचे और उसे रास्ते में ही जरूरी प्राथमिक चिकित्सीय सहायता मिल सके।

एआई बताएगा किस अस्पताल में उपलब्ध है ट्रॉमा बेड और विशेषज्ञ डॉक्टर

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि स्मार्ट एम्बुलेंस को ट्रॉमा सेंटर और सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों से भी जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर 102, 104, 112 या 1033 जैसी हेल्पलाइन के माध्यम से एम्बुलेंस पहुंचती है। इसके बाद पैरामेडिकल स्टाफ मरीज का ब्लड प्रेशर, ऑक्सीजन सैचुरेशन और पल्स जैसे महत्वपूर्ण वाइटल्स की जांच करता है। उन्होंने कहा कि यदि इन जानकारियों को एआई सिस्टम से जोड़ा जाए, तो मरीज की स्थिति और संभावित जोखिम का शुरुआती आकलन किया जा सकता है। इसके बाद आसपास के अस्पतालों में ट्रॉमा बेड, आईसीयू, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी जांच सुविधाओं तथा संबंधित विशेषज्ञ और सुपर स्पेशियलिटी डॉक्टरों की उपलब्धता का पता लगाया जा सकता है। इस जानकारी के आधार पर एम्बुलेंस में ही मरीज के लिए उपयुक्त अस्पताल का चयन किया जा सकेगा और अस्पताल के इमरजेंसी डॉक्टरों को पहले से सूचना भेजी जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश ऐसी व्यवस्था विकसित करने की है, जिसमें मरीज के अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसके उपचार के लिए जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। एआई का इस्तेमाल केवल तकनीक तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका सीधा लाभ आम लोगों को मिलना चाहिए। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी से संकल्प लेने की अपील की कि एआई के माध्यम से बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक, सुलभ, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाया जाए।

इस कार्यशाला में राज्य के स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि, गेट्स फाउंडेशन के भारत कार्यालय की निदेशक अर्चना व्यास सहित फाउंडेशन के अन्य प्रतिनिधि, देश-विदेश से आए नवाचार एवं तकनीक के विशेषज्ञ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, डॉक्टर, नर्स, टेक्नीशियन, एएनएम और आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *