Gates Foundation India Head Archana Vyas with Health Ministe of Bihar Nishant-Bihar Aaptak

स्वास्थ्य सेवाओं को हाईटेक बनाएंगे निशांत, AI से दवा, जांच और इलाज की व्यवस्था होगी स्मार्ट

पटना। बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल की संभावनाओं पर बुधवार को पटना में ‘AI for Healthier Bihar’ कार्यशाला का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कार्यशाला का उद्घाटन किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ, विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि और इनोवेटर्स मौजूद रहे।

कार्यशाला में 25 इनोवेटर्स ने AI आधारित तकनीकों और नवाचारों का प्रदर्शन किया। स्वास्थ्य मंत्री निशांत और स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर इन तकनीकों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं में उनके व्यावहारिक इस्तेमाल की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना (MDHY) के तहत बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, निगरानी और प्रबंधन के लिए विकसित डिजिटल व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह पहल की गई। कार्यशाला में दवा प्रबंधन, चिकित्सा उपकरणों, टेलीमेडिसिन, स्मार्ट एंबुलेंस, अस्पतालों में बेड की उपलब्धता और स्वास्थ्य संस्थानों की निगरानी में AI के इस्तेमाल पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान, गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य की निगरानी, संक्रामक बीमारियों के संभावित प्रकोप का पूर्वानुमान और कैंसर समेत गंभीर बीमारियों की शुरुआती स्क्रीनिंग में AI की भूमिका पर भी विचार किया गया।

Health Minister Nishnat-Bihar Aaptak

AI से बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगी नई दिशा : निशांत

कार्यशाला को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना आने वाले समय में बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगा। सरकार का उद्देश्य आधुनिक तकनीक और AI के इस्तेमाल से अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि दवाओं की उपलब्धता, आपूर्ति प्रबंधन, चिकित्सा उपकरणों, डॉक्टरों की उपलब्धता और एंबुलेंस सेवाओं से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, मेडिकल कॉलेजों और सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों तक AI का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के साथ डॉक्टरों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी की चुनौती से निपटने तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने किया उद्घाटन, 25 इनोवेटर्स ने पेश किए AI आधारित नवाचार; दवा प्रबंधन, जांच, टेलीमेडिसिन, स्मार्ट एंबुलेंस और अस्पतालों की निगरानी में AI के इस्तेमाल पर जोर

निशांत ने कहा कि AI के जरिए दवाओं की मांग, आपूर्ति, स्टॉक की निगरानी और भविष्य की जरूरतों का पूर्वानुमान लगाया जा सकता है। QR कोड, बारकोड और बैच नंबर के माध्यम से दवाओं की सप्लाई चेन की निगरानी तथा उनकी प्रामाणिकता सुनिश्चित करने में भी तकनीक की मदद ली जा सकती है। उन्होंने CT Scan, MRI, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी जांचों में AI के इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि इसके माध्यम से टीबी, कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान में सहायता मिल सकती है। इससे मरीजों की समय पर जांच, बीमारी का सटीक आकलन और उपचार सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

Health Minister Nishant at Hotel Taj City in AI Workshop organised by Gates Foundation.jpg

ग्रामीण मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों से जोड़ने पर जोर

स्वास्थ्य मंत्री ने टेलीमेडिसिन के विस्तार को जरूरी बताते हुए कहा कि AI और डिजिटल तकनीक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को भी विशेषज्ञ चिकित्सकों से जोड़ा जा सकता है। सरकार का संकल्प है कि बिहार के किसी भी ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले गरीब व्यक्ति को भी शहरी क्षेत्रों जैसी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने अस्पतालों में सामान्य वार्ड, ICU, HDU और CCU के बेड की रियल टाइम उपलब्धता डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित करने की आवश्यकता बताई। इससे मरीजों और उनके परिजनों को मोबाइल के माध्यम से अस्पतालों में उपलब्ध बेड की जानकारी मिल सकेगी। गंभीर मरीजों को रेफर करने से पहले उपयुक्त अस्पताल की पहचान करना भी आसान होगा।

स्मार्ट एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचने से पहले शुरू हो सकेगी उपचार की तैयारी

निशांत ने AI आधारित स्मार्ट एंबुलेंस विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस में डिजिटल ECG मशीन, पल्स ऑक्सीमीटर, ब्लड प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, GPS आधारित लाइव लोकेशन और अस्पतालों से डिजिटल संपर्क जैसी सुविधाएं होनी चाहिए। AI की मदद से एंबुलेंस में ही मरीज की स्थिति का प्रारंभिक आकलन कर उपयुक्त अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर, ICU और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। एंबुलेंस से मरीज की डिजिटल मेडिकल रिपोर्ट पहले ही संबंधित अस्पताल तक पहुंचाई जा सकती है, ताकि मरीज के पहुंचने से पहले उपचार की जरूरी तैयारी पूरी हो सके। उन्होंने इस दिशा में शुरुआती तौर पर कुछ स्मार्ट एंबुलेंस के साथ पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की संभावनाओं पर काम करने का सुझाव दिया।

AI समाधानों को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू करने का निर्देश

स्वास्थ्य मंत्री ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों से कार्यशाला में प्रदर्शित AI समाधानों का व्यावहारिक आकलन करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि यह तय किया जाए कि किन तकनीकों को तत्काल लागू किया जा सकता है और किन्हें पहले पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि AI का इस्तेमाल केवल तकनीकी नवाचार तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका सीधा लाभ आम मरीजों तक पहुंचना चाहिए। तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक आधुनिक, सुलभ, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाया जा सकता है। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य तकनीकी संस्थानों, इनोवेटर्स और स्वास्थ्य विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर AI आधारित समाधानों को राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में लागू करने की दिशा में आगे बढ़ना है।

स्वास्थ्य सेवाओं की चुनौतियों के समाधान में AI बनेगा मददगार : कुमार रवि

स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने कहा कि कार्यशाला में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए कई संस्थानों ने महत्वपूर्ण तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की जरूरतों और चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि मेडिकल एजुकेशन, नर्सिंग, मेडिकल केयर, विशेषज्ञ और सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सकों की उपलब्धता तथा नर्सिंग सेवाओं से जुड़े डेटा के विश्लेषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ। प्रस्तुत किए गए तकनीकी समाधानों से आने वाले समय में स्वास्थ्य संस्थानों को नई दिशा मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी चुनौतियों के समाधान में मदद मिलेगी। कुमार रवि ने कहा कि इस कार्यशाला के माध्यम से नई तकनीकों, नवाचारों और AI की संभावनाओं को समझने का अवसर मिला है। इससे भविष्य में स्वास्थ्य क्षेत्र में कई नई पहल शुरू करने का रास्ता खुलेगा। उन्होंने कार्यशाला के गुणवत्तापूर्ण आयोजन के लिए गेट्स फाउंडेशन का विशेष आभार जताया।

कार्यक्रम में राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक नवल किशोर चौधरी, बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन, राज्य आयुष समिति के कार्यपालक निदेशक वैभव चौधरी, राज्य स्वास्थ्य समिति के अपर कार्यपालक निदेशक स्पर्श गुप्ता, बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के परियोजना निदेशक सुमित कुमार और स्वास्थ्य मंत्री के आप्त सचिव कौशलेंद्र कुमार समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। गेट्स फाउंडेशन की कंट्री डायरेक्टर अर्चना व्यास, हेल्थ डायरेक्टर डॉ. वसंत कुमार, विकास साझेदारों के प्रतिनिधि, तकनीकी विशेषज्ञ और विभिन्न इनोवेटर्स ने भी कार्यशाला में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *