पटना। बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लापरवाही बरतने और लंबे समय तक ड्यूटी से गायब रहने वाले चिकित्सकों पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने बड़ा एक्शन लिया है। कैबिनेट की स्वीकृति मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने 11 चिकित्सकों को सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया है। इस कार्रवाई के जरिए विभाग ने साफ कर दिया है कि सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीनता के लिए कोई जगह नहीं है।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस फैसले की जानकारी साझा करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चिकित्सक का पेशा महज नौकरी नहीं, बल्कि मानव सेवा का संकल्प है। ऐसे में लंबे समय तक ड्यूटी से अनुपस्थित रहना और अपने दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करना जरूरी हो गया था। यह फैसला आसान नहीं था, लेकिन स्वास्थ्य व्यवस्था में अनुशासन और जवाबदेही कायम रखने के लिए कड़ा कदम उठाना आवश्यक था। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ने वालों को इसकी कीमत चुकानी होगी।
चिकित्सकों को दी ईमानदारी से ड्यूटी करने की नसीहत
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने प्रदेश के सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी स्वास्थ्य विभाग के सबसे महत्वपूर्ण अंग हैं। उनके पेशे और सेवाभाव के प्रति सरकार के मन में पूरा सम्मान है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार के आम नागरिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस लक्ष्य को हासिल करने में स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका सबसे अहम है। ऐसे में सभी को अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाना होगा। 11 चिकित्सकों की बर्खास्तगी को स्वास्थ्य विभाग में जवाबदेही तय करने और कार्यसंस्कृति में सुधार लाने की दिशा में एक बड़े प्रशासनिक फैसले के तौर पर देखा जा रहा है। निशांत कुमार की इस कार्रवाई से यह संदेश भी गया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त रुख अपनाने से पीछे नहीं हटेगी।












