पटना। बिहार पुलिस और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस में सिपाही के 19800 से अधिक पदों पर भर्ती निकाली गई है। यह भर्ती केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के तहत की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवारों के लिए यह सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा मौका है। सामान्य प्रशासन विभाग और गृह विभाग ने आज मंगलवार को इस भर्ती की अधिसूचना जारी कर दी है। हालांकि इसमें 50 फीसदी पद होमगार्ड के लिए रिजर्व है, यह बेरोजगारों के लिए बुरी खबर हो सकती है।
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 मार्च 2025 से शुरू होगी और आवेदन करने की अंतिम तिथि 18 अप्रैल 2025 है। इच्छुक उम्मीदवार केंद्रीय चयन पर्षद के आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना आवेदन कर सकेंगे। इस सिपाही भर्ती में महिलाओं के लिए भी खास सौगात है। 19,838 नये पदों में 6717 पद पर महिला सिपाही ही नियुक्त होगी। स्वतंत्रता सेनानी के आश्रितों के लिए 397 पद सृजित किए गए हैं। वहीं इसमें 50% पद बिहार के गृह रक्षकों के लिए आरक्षित हैं।
बिहार पुलिस में सिपाही पद पर भर्ती के इच्छुक उम्मीदवारों को इंटरमीडिएट पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा, बिहार राज्य सरकार के मदरसा बोर्ड द्वारा जारी मौलवी प्रमाण-पत्र, बिहार संस्कृत बोर्ड द्वारा जारी शास्त्री (अंग्रेजी सहित) या आचार्य (अंग्रेजी रहित) प्रमाण-पत्र भी मान्य होंगे। राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त अन्य समकक्ष शैक्षणिक योग्यताएं भी इस पद के लिए लागू होंगी। उम्मीदवारों की उम्र की गणना मैट्रिक (10वीं) या समकक्ष प्रमाण-पत्र में दर्ज जन्म तिथि के आधार पर की जाएगी। सामान्य वर्ग के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष रखी गई है। जबकि पिछड़ा और अत्यंत पिछड़ा वर्ग को 2 साल की छूट, पिछड़ा और अत्यंत पिछड़ा वर्ग की महिला को 3 साल की छूट प्रदान की जाएगी। इसी तरह उम्र सीमा में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति वर्ग (पुरुष एवं महिला) और ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों को 5 साल की छूट रहेगी। इसके अलावा सभी आरक्षित वर्ग के गृहरक्षकों को अधिकतम उम्र सीमा में 5 वर्षों की अतिरिक्त छूट मिलेगी।
यहाँ पढ़ें नोटिफिकेशन
बिहार कांस्टेबल भर्ती 2025 के माध्यम से कुल 19,838 पदों को भरा जाएगा। इसमें 7,935 पद अनारक्षित अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध होंगे। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 1,983, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 3,174, अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 199, अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) के लिए 3,571, पिछड़ा वर्ग (BC) के लिए 2,381 और पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए 595 पद आरक्षित हैं। इसके अलावा, महिलाओं के लिए क्षैतिज आरक्षण के तहत 6,717 पद और स्वतंत्रता सेनानी के आश्रितों के लिए 397 पद आरक्षित किए गए हैं। वहीं वेतनमान की बात करें तो इस भर्ती के तहत चयनित सिपाहियों को लेवल-3 (21,700 – 69,100) का वेतनमान दिया जाएगा। पदों को आरक्षण कोटे के अनुसार विभाजित किया गया है।