जमानत नहीं मिली तो कोर्ट से भाग गए 7 कैदी, ऐसा है पटना के कोर्ट का हाल

पटना : मारपीट और फायरिंग के आरोपियों को जमानत नहीं मिली तो कोर्ट से सात कैदी भाग गए। इन आरोपियों ने ऑनलाइन सरेंडर किया था, जिसके बाद उन्हें पेशी के लिए बुलाया गया था। कोर्ट में पेशी के दौरान हुई बहस के बाद जज ने इनकी जमानत याचिका खारिज कर दी। इसके बाद सात कैदी चकमा देकर कोर्ट से भाग निकले। घटना राजधानी पटना के दानापुर व्यवहार न्यायालय की है। यहां सिंगौड़ी थाने की कांड संख्या- 72/21 में इन सात आरोपियों पर केस दर्ज है। मामले में नौ आरोपी हैं। सभी आरोपियों ने एसीजेएम तृतीय के यहां ऑनलाइन सरेंडर किया था। दो कैदी वृद्ध होने की वजह से कोर्ट से भाग नहीं सके।

ये कैदी भागे हैं कोर्ट से
कोर्ट से भागने वाले आरोपियों में नरौली मढ़िया निवासी सोनू यादव, लल्लू यादव, सिद्धनाथ यादव, उपेंद्र यादव, चंदन कुमार, मुकुल कुमार, राज कुमार हैं। एसीजेएम तृतीय की पीठ कार्यालय लिपिक सह पीठ लिपिक अरविंद कुमार ने दानापुर थाने में सभी फरार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

बांका में मस्जिद के पास धमाका; मदरसा गिरा, 6 लोग घायल
बिहार के बांका जिले में मंगलवार की सुबह 8 बजे मस्जिद के पास जोरदार धमाका हुआ। इसमें मदरसे का भवन ध्वस्त हो गया। घटना में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल, टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत नवटोलिया में मस्जिद के पास यह धमाका हुआ। सूचना के बाद टाउन पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को वहां पर कोई नहीं मिला। टाउन थानाध्यक्ष शंभू यादव ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आखिर विस्फोट कैसे हुआ और हादसे के बाद वहां कोई क्यों नहीं मिला, उसकी जांच की जा रही है। बम विस्फोट की जांच के लिए भागलपुर से फॉरेंसिक टीम को बुलाई गई है।

आरा में इंटर के छात्र को सिर में मारी गोली
आरा शहर में पुरानी पुलिस लाइन स्थित पेट्रोल पंप के पास इंटर के एक छात्र को सिर में गोली मार दी गई। तीन बाइक पर छह की संख्या में आई आए अपराधियों ने गोलीबारी की। घटना को अंजाम देने के लिए अपराधी हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। सूचना के बाद टाउन पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है। मृत छात्र की पहचान मंझौवा गांव निवासी गुलाब प्रसाद के बेटे 18 वर्षीय आकाश कुमार के रूप में हुई है। चार दिन पहले आकाश का शांति नगर मोहल्ले के कुछ युवकों के साथ मामूली झगड़ा हुआ। तब मामला रफा-दफा हो गया था।

भागलपुर में पुलिस टीम पर पथराव
भागलपुर जिले के गोरडीह के फरका टोला मोहनपुर में ग्रामीणों ने सीओ और पुलिस टीम पर पथराव किया। इसमें कई पुलिसकर्मी और अंचलकर्मी घायल हो गए। लोगों ने आधा किलोमीटर दूर तक पुलिसकर्मियों को खदेड़ दिया। पुलिस टीम पर पथराव करने वालों में महिलाएं भी थीं। बता दें मनरेगा के तहत सड़क बनाने के दौरान विवाद हुआ। इसके बाद सीओ नवीन कुमार, थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार अपने दल-बल के साथ उक्त स्थल पर पहुंचे। यहां कुछ ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य को रोक रखा था। ग्रामीणों को जब पदाधिकारियों ने समझाने की कोशिश की तो उन पर हमला कर दिया गया। सीओ नवीन भूषण के बयान पर 17 नामजद और 50 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *