Raid on KFC, BBQ Nation, PIzza Hut in Patna instruction by Nishant and Kumar Ravi-Bihar Aaptak

KFC, BBQ नेशन, पिज्जा हट पर रेड, बदबूदार पनीर और कीड़े लगे ब्रेड जब्त

पटना। त्योहारों के मद्देनजर आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को पटना के विभिन्न प्रतिष्ठानों KFC, Barbeque Nation और Pizza Hut का खाद्य संरक्षा पदाधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में कमियां पाई गईं।

संबंधित प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। वहीं, कमियों में सुधार के लिए संबंधित प्रतिष्ठानों को 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है। निरीक्षण के दौरान Fiesta Barbeque Nation, के.पी. मॉल, बुद्ध मार्ग, पटना में खराब दुर्गंध वाला 30 किलो पनीर, जिसकी कीमत 11,400 रुपये बताई गई है, और 4 किलो चावल जब्त कर नष्ट कराया गया। वहीं, वॉश एरिया में भंडारण किए जाने के कारण 15 किलो पैक्ड चिकन के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई। Barbeque Nation, वन मॉल, फ्रेजर रोड, पटना में ब्रेड के पैकेट में कीड़े पाए गए। इसके अलावा KFC, बोरिंग कैनाल रोड में औद्योगिक उपयोग के 835 PET ग्लास के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत एवं विभाग के सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर खाद्य संरक्षा अधिकारियों द्वारा पटना सहित राज्य के विभिन्न जिलों में खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण एवं भंडारण की स्थिति, प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की जा रही है। अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

पटना के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में मिलीं ये कमियां

KFC, कंकड़बाग, पटना

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के फ्रीजर क्षेत्र में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए। खाद्य पदार्थों के भंडारण की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी। प्रतिष्ठान से पैक्ड चिकन कट और पैक्ड वेजिटेबल जिंजर पैटी के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। साथ ही FIFO (First In, First Out) नियम का पालन करने का निर्देश दिया गया। आवश्यक सुधार के लिए 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।

KFC, बोरिंग कैनाल रोड, पटना

निरीक्षण के दौरान औद्योगिक उपयोग के 835 PET ग्लास के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई। भंडारण क्षेत्र में जाने का रास्ता और सीढ़ी टूटी एवं क्षतिग्रस्त पाई गई, जबकि वहां स्वच्छता की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी। फ्रीजर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। खाद्य संरक्षा विभाग ने फ्रोजन चिकन का एक नमूना संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। प्रतिष्ठान को कमियों में सुधार के लिए 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस दिया गया है।

Barbeque Nation, K.P. Mall, बुद्ध मार्ग, पटना

निरीक्षण के दौरान खराब दुर्गंध वाला 30 किलो पनीर और 4 किलो चावल, जिनकी कीमत 11,400 रुपये बताई गई है, जब्त कर नष्ट कराया गया। वॉश एरिया में भंडारण किए जाने के कारण 15 किलो पैक्ड चिकन के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई। किचन में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए। विभाग ने खाद्य पदार्थ का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। आवश्यक सुधार के लिए 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।

Barbeque Nation, वन मॉल, फ्रेजर रोड, पटना

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। 20 लीटर जला हुआ तेल जब्त कर नष्ट कराया गया। ब्रेड के पैकेट में कीड़े भी पाए गए। खाद्य संरक्षा विभाग ने फ्रोजन मीट और रेड चिली पाउडर के दो नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं। प्रतिष्ठान को कमियों में सुधार के लिए 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस दिया गया है।

KFC, बेली रोड, पटना

निरीक्षण के दौरान किचन की स्वच्छता की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। विभाग ने लूज मैदा का एक नमूना संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा है। प्रतिष्ठान को आवश्यक सुधार के लिए 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।

KFC, अनीसाबाद, पटना

निरीक्षण के दौरान शौचालय से दुर्गंध आने और भंडारण क्षेत्र में सैनिटेशन एवं स्वच्छता की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने की बात सामने आई। खाद्य संरक्षा विभाग ने मेयोनीज का एक नमूना संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। प्रतिष्ठान को कमियों में सुधार के लिए 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस दिया गया है।

KFC, रीजेंट सिनेमा हॉल, पटना

निरीक्षण के दौरान मेन्यू चार्ट में एलर्जेन संबंधी डिस्क्लेमर अंकित नहीं पाया गया। किचन की स्वच्छता की स्थिति भी ठीक नहीं थी। विभाग ने फ्रोजन चिकन का एक नमूना संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा है। प्रतिष्ठान को सुधार के लिए 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।

Barbeque Nation, आशियाना मोड़, पटना

निरीक्षण के दौरान फ्रीजर में खाद्य पदार्थों के रखरखाव की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। प्रतिष्ठान के लाइसेंस में भी त्रुटि मिली। खाद्य संरक्षा विभाग ने रेड चिली पाउडर का एक नमूना संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा है। आवश्यक सुधार के लिए 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।

Pizza Hut, अनीसाबाद, पटना

निरीक्षण के दौरान दीवार पर लगे टाइल्स गंदे पाए गए। शौचालय की स्वच्छता की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी। विभाग ने लूज मैदा का एक नमूना संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा है। प्रतिष्ठान को कमियों में सुधार के लिए 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस दिया गया है।

खाद्य कारोबारियों को मानकों का पालन करने का निर्देश

खाद्य संरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण और स्वच्छ पैकिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खराब दुर्गंध वाली, दूषित अथवा अनुपयोगी खाद्य सामग्री का इस्तेमाल या बिक्री नहीं की जानी चाहिए। प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, सुरक्षित खाद्य प्रसंस्करण तथा कर्मचारियों के स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता से जुड़े मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा गया है। खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। आगामी त्योहारों के दौरान आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान लगातार चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *