Famous Folk Singer Kalpana Patowary Chhath Song Relase-Bihar Aaptak

मैथिली से भोजपुरी तक छठ के सात रंग, कल्पना पटवारी की आवाज में खास संगीतमय सौगात

पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ की महिमा और लोकसंस्कृति को सुरों में पिरोते हुए मशहूर लोकगायिका कल्पना पटवारी एक खास संगीतमय प्रस्तुति लेकर आई हैं। उनकी आवाज में छठ गीतमाला ‘ए लिविंग ट्रेडिशन’ का पहला गीत ‘जगत के पालक दीनानाथ’ रिलीज हो गया है। म्यूजिक बॉक्स कल्पना पटवारी ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर जारी इस गीत को श्रोताओं का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। भक्ति, समर्पण और उम्मीद की भावनाओं से सजा यह गीत छठ व्रती के मन की पुकार और भगवान सूर्य के प्रति उसकी अटूट आस्था को अभिव्यक्त करता है।

गीत में एक छठ व्रती भगवान सूर्य को संसार का पालनकर्ता मानकर अपनी पीड़ा और मन की व्यथा सुनाती है। उसे विश्वास है कि दीन-दुखियों की पुकार सुनने वाले दीनानाथ उसकी प्रार्थना भी जरूर स्वीकार करेंगे। निराशा के बीच उम्मीद की किरण तलाशती श्रद्धालु की भावनाओं को गीत में बेहद संवेदनशील अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।

छठ गीतमाला ‘ए लिविंग ट्रेडिशन’ के तहत तैयार इस भोजपुरी गीत को कल्पना पटवारी ने अपनी आवाज दी है। इसके बोल हृदय नारायण झा ने लिखे हैं, जबकि धुन स्वयं कल्पना पटवारी ने तैयार की है। संगीत संयोजन अर्जित श्रीवास्तव ने किया है। वहीं, गिटार, स्ट्रोक्स और बेस की जिम्मेदारी सुमन बागानी ने निभाई है।

कल्पना पटवारी के मुताबिक, इस गीत के जरिए छठ व्रती की भक्ति, समर्पण और भगवान सूर्य के प्रति अटूट विश्वास को संगीत के माध्यम से सामने लाने की कोशिश की गई है। गीत में व्रती सूर्यदेव की महिमा और उनकी कृपा से दुखियों के जीवन में आए बदलावों को याद करती है। उसे भरोसा है कि जिस तरह सूर्यदेव की कृपा से निराश लोगों को उम्मीद और दुखियों को सुख मिलता है, उसी तरह उसकी पुकार भी जरूर सुनी जाएगी।

छठ महापर्व को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई है। इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (इन्टैक) की ओर से तैयार डोजियर वर्ष 2026 में यूनेस्को को भेजा गया है। इसमें गीतकार हृदय नारायण झा द्वारा संकलित छठगीतों को भी शामिल किया गया है। इन्टैक की पुस्तक ‘छठगीत (सर्व सौभाग्यदायकम्)’ में मैथिली, भोजपुरी, मगही, अंगिका और बज्जिका के पारंपरिक गीतों के साथ हृदय नारायण झा के स्वरचित गीत भी संकलित हैं। इसी पुस्तक में शामिल सात गीतों को कल्पना पटवारी ने अपनी आवाज में ‘छठ गीतमाला – ए लिविंग ट्रेडिशन’ के रूप में प्रस्तुत किया है। इस संगीतमय श्रृंखला के तहत इस वर्ष छठ महापर्व के अवसर पर सात गीत रिलीज किए जा रहे हैं। ‘जगत के पालक दीनानाथ’ इस श्रृंखला की पहली पेशकश है।

इस संकलन में मैथिली के दो गीत ‘चारि पहर राति जल थल सेविलहुँ’ और ‘कातिक मास इजोरिया’, भोजपुरी का ‘दरसन माँगीला तोहार’, मगही का ‘छोटी मुटी मालिन बेटी’, अंगिका का ‘छठि मइया अइतई अंगनमा’ और बज्जिका का ‘रिमझिम बुन्दवा बरसि गेल’ शामिल हैं। पांच भाषाओं की लोकपरंपराओं से जुड़े इन सात गीतों के जरिए कल्पना पटवारी ने छठ की सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर लाने का प्रयास किया है। यह पहल केवल संगीत तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्रीय भाषाओं में पीढ़ियों से चली आ रही लोकआस्था, परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की भी एक कोशिश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *