पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ की रौनक के बीच भोजपुरी सिनेमा के ट्रेंडिंग स्टार एवं लोकप्रिय गायक खेसारीलाल यादव का नया छठ गीत ‘अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के’ श्रोताओं के बीच खूब पसंद किया जा रहा है। खेसारीलाल यादव ने इस गीत को गायिका सौम्या श्रीवास्तव के साथ अपनी आवाज दी है। भोजपुरी फिल्म ‘सइयां अरब गईले ना-2’ के इस गीत में छठ महापर्व की आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति की खूबसूरत झलक देखने को मिलती है। भक्तिमय धुन और भावपूर्ण गायकी के कारण यह गीत छठ के माहौल में श्रोताओं का ध्यान खींच रहा है।
फिल्म के निर्माता अभय सिन्हा ने कहा कि छठ महापर्व हमारी संस्कृति, परंपरा और लोक आस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है। ‘अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के’ के जरिए छठ की महिमा और श्रद्धा को दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की गई है। भोजपुरी सिनेमा के माध्यम से लोक संस्कृति और पर्व-त्योहारों की परंपराओं को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों के साथ-साथ छठ व्रती भी इस गीत को भरपूर प्यार देंगे।
खेसारीलाल यादव की दमदार और भावपूर्ण आवाज के साथ सौम्या श्रीवास्तव की मधुर गायकी गीत को खास बनाती है। इसमें छठी मैया की आराधना, भगवान सूर्य की उपासना और अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा को संगीत के माध्यम से खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है। छठ के पारंपरिक रंग और भक्ति भाव से सजा यह गीत भोजपुरी संगीत प्रेमियों के लिए खास पेशकश है।

खेसारीलाल यादव ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति से जुड़ा सबसे खास पर्व है। ‘अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के’ के माध्यम से छठी मैया की महिमा और सूर्य उपासना की परंपरा को सुरों में पिरोने का प्रयास किया गया है। सौम्या श्रीवास्तव के साथ इस गीत को गाकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्रोता इसे अपना प्यार देंगे और यह गीत छठ के माहौल को और भक्तिमय बनाएगा। उन्होंने छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना भी की।
गीत के बोल विनय बिहारी ने लिखे हैं, जबकि संगीत शुभम सिन्हा और शोभित सिन्हा ने तैयार किया है। गीत में खेसारीलाल यादव के साथ दर्शना बनिक, आस्था सिंह, दीपिका सिंह, माया यादव और अयाज खान भी नजर आ रहे हैं। फिल्म के कार्यकारी निर्माता अनिल कुमार सिंह हैं। इसकी कहानी, पटकथा और निर्देशन प्रेमांशु सिंह ने किया है। कोरियोग्राफी मनोज (एम.के. गुप्ता जॉय) ने की है, जबकि छायांकन की जिम्मेदारी वासु ने संभाली है। माजर खान सहयोगी निर्देशक हैं।
भोजपुरी संगीत जगत में छठ गीतों की हमेशा से खास पहचान रही है। खेसारीलाल यादव जैसे लोकप्रिय कलाकारों की आवाज में तैयार गीत नई पीढ़ी को भी अपनी लोक आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं। ‘अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के’ भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए छठ के भक्तिमय माहौल में संगीत का नया रंग भर रहा है।












