Bihar Health Minister Nishant is Best Minister in India-Bihar Aaptak

स्वास्थ्य मंत्री निशांत का फोकस साफ, स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और जवाबदेही होगी सुनिश्चित!

पटना। बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। बिहार राज्य संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद (Bihar State Allied and Healthcare Council) के क्रियाशील होने से स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों के पंजीकरण, योग्यता और व्यावसायिक मानकों के नियमन के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित होगी। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने इसे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम बताया है।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक गुणवत्तापूर्ण, जवाबदेह और विश्वसनीय बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस परिषद के माध्यम से संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल क्षेत्र में कार्यरत पेशेवरों के लिए पारदर्शी नियामक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इससे उनकी योग्यता, दक्षता और निर्धारित व्यावसायिक मानकों के अनुपालन को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि परिषद का गठन राष्ट्रीय संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल वृत्ति आयोग अधिनियम, 2021 (NCAHP Act, 2021) के प्रावधानों के अनुरूप किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य राज्य में संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों के विकास, पंजीकरण और नियमन के साथ उनके व्यावसायिक मानकों को सुनिश्चित करना है। परिषद पेशेवरों के पंजीकरण और राज्य रजिस्टर के रख-रखाव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए केवल चिकित्सक और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि फिजियोथेरेपी, मेडिकल लैबोरेटरी साइंस, रेडियोलॉजी और ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में कार्यरत प्रशिक्षित पेशेवरों की भी अहम भूमिका है। इन क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मियों की शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी दक्षता और व्यावसायिक मानकों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है। परिषद के सक्रिय होने से इन सेवाओं में गुणवत्ता और जवाबदेही को नई मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो तथा राज्य में प्रशिक्षित एवं योग्य स्वास्थ्य मानव संसाधन की उपलब्धता बढ़े। इसी दिशा में परिषद के अंतर्गत स्वायत्त बोर्ड (Autonomous Boards) और सलाहकार बोर्ड (Advisory Board) के गठन की प्रक्रिया भी जारी है, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने विश्वास जताया कि परिषद के अध्यक्ष, सदस्यों, अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों और स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों के सामूहिक प्रयास से बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने परिषद के सफल संचालन की कामना करते हुए कहा कि यह पहल विकसित और सशक्त बिहार के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *