पटना। बिहार में खाद्य पदार्थों में मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। राज्यभर में खाद्य संरक्षा विभाग की लगातार चल रही छापेमारी और जब्ती की कार्रवाई के बीच स्वास्थ्य मंत्री ने खाद्य कारोबारियों से नियमों का पालन करने और आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ नहीं करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह अभियान केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे साल जारी रहेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बिहारवासियों को बाजार में स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्रतिबद्धता है। इसके लिए खाद्य संरक्षा विभाग की टीमें लगातार निरीक्षण, छापेमारी, सैंपल कलेक्शन और खराब खाद्य सामग्री की जब्ती एवं विनष्टीकरण की कार्रवाई कर रही हैं।
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री की सादगी के फिर मुरीद हुए लोग!
नवंबर माह में हुई कार्रवाई का ब्योरा देते हुए उन्होंने बताया कि पटना सिटी में करीब 18 लाख रुपये मूल्य का घी जब्त किया गया। पटना के एक अन्य प्रतिष्ठान से 5 लाख रुपये का घी और 1.74 लाख रुपये का आटा, जबकि एक कोल्ड स्टोरेज से 6.35 लाख रुपये के खजूर सहित 13.29 लाख रुपये मूल्य की अन्य खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई। पटना में तीन प्रतिष्ठानों से हजारों बोतल पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर जब्त कर नष्ट किया गया और उनके खाद्य लाइसेंस निलंबित किए गए।
इसी तरह जहानाबाद के चार प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 29 लाख रुपये से अधिक मूल्य के खाद्य पदार्थ नष्ट किए गए। करीब 2.30 लाख रुपये की सामग्री जब्त करने के साथ जांच के लिए आठ नमूने भी लिए गए। मोतिहारी के तीन प्रतिष्ठानों से लगभग 27 क्विंटल मिल्क केक और डोडा मिठाई सहित अन्य खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई।
निशांत कुमार ने कहा कि इस अभियान को प्रभावी बनाए रखने के लिए विभाग में मानव संसाधन और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही चार नए खाद्य जांच केंद्र स्थापित करने के प्रयास भी जारी हैं।
निशांत का बड़ा फैसला! बिहार के गांवों में मिलेंगे विशेषज्ञ डॉक्टर
खाद्य कारोबारियों से अपील करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वस्थ बिहार ही विकसित बिहार की बुनियाद है। खाद्य पदार्थों में मिलावट और गड़बड़ी करना न केवल गैरकानूनी, बल्कि अनैतिक और असामाजिक कृत्य भी है। थोड़ा मुनाफा कमाने के लिए किसी की सेहत को दांव पर लगाना अमानवीय और अधार्मिक है। सभी कारोबारी खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करें और स्वस्थ बिहार के निर्माण में सहयोग दें।












