पटना। सात समंदर पार, देश से हजारों किलोमीटर दूर और तापमान शून्य से नीचे… लेकिन छठी मैया के प्रति आस्था में कोई कमी नहीं। न तेज बारिश श्रद्धालुओं का उत्साह कम कर सकी और न ही हाड़ कंपाने वाली ठंड व्रतियों के संकल्प को डिगा सकी। इंग्लैंड में भारतीय समुदाय के लोगों ने पूरी श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ मनाया। इस दौरान छठी मैया के जयकारों और भगवान सूर्य की आराधना के बीच बिहार की संस्कृति और परंपरा की खूबसूरत झलक देखने को मिली।
इंग्लैंड में आयोजित इस छठ पूजा में पूनम और प्रियंका जसवाल ने पूरे विधि-विधान से व्रत रखा। दोनों ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलकामना के लिए भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। प्रियंका जसवाल पिछले कई वर्षों से छठ महापर्व का व्रत करती आ रही हैं। वहीं, पूनम ने अपनी नवजात नातिन के सुखद भविष्य, अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना के साथ छठी मैया की उपासना की।
इस आयोजन में मुजफ्फरपुर के अघोरिया चौक की रहने वाली अंकिता विकास सिंह, अतरदह में लंबे समय तक रह चुके बुद्धदेव मंडल और अनुराधा कुमारी सहित अन्य श्रद्धालु भी शामिल हुए। सभी ने मिलकर छठ पूजा की पारंपरिक विधियों का पालन किया और एक-दूसरे को महापर्व की शुभकामनाएं दीं। विदेश में रहते हुए भी अपने घर-आंगन और बिहार की परंपराओं से जुड़ने का यह अवसर सभी के लिए खास रहा।
बारिश और माइनस तापमान भी नहीं तोड़ सके आस्था का संकल्प
इंग्लैंड में इस बार छठ पूजा के दौरान मौसम ने व्रतियों की कड़ी परीक्षा ली। संध्या अर्घ्य के दिन तेज बारिश ने श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ा दीं। वहीं, उषा अर्घ्य के समय तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया, जिससे ठंड और भी असहनीय हो गई। इसके बावजूद व्रतियों ने पूरे धैर्य और समर्पण के साथ छठ पूजा की परंपरा निभाई।
कड़ाके की ठंड से बचने के लिए व्रतियों ने गर्म पानी से भरे टब में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उनके चेहरे पर ठंड की परेशानी से कहीं अधिक छठी मैया के प्रति श्रद्धा और भक्ति का भाव नजर आया। व्रतियों ने परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

इंग्लैंड में कई वर्षों से रह रहीं मधु चौरसिया ने बताया कि यहां भी छठ महापर्व बहुत अच्छे तरीके से मनाया जाता है। बिहार की काफी संख्या में महिलाएं यहां रहती हैं और सभी मिलकर इस पर्व को उत्साह के साथ मनाती हैं। उन्होंने कहा कि देश से बाहर रहने के बावजूद हम अपनी मिट्टी, संस्कृति और परंपराओं को नहीं भूले हैं। छठ ऐसा पर्व है, जो हम सभी को अपनी जड़ों और परिवार से जोड़कर रखता है।

सात समंदर पार भी कायम है बिहार की लोक आस्था
इंग्लैंड में छठ महापर्व का यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक एकजुटता की मिसाल भी बना। विदेश में रहने वाले भारतीयों ने जिस तरह सामूहिक रूप से इस पर्व को मनाया, उससे यह साफ दिखा कि भौगोलिक दूरियां अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति प्रेम को कम नहीं कर सकतीं।
बिहार का यह महापर्व अब देश की सीमाओं से निकलकर दुनिया के कई हिस्सों में अपनी पहचान बना चुका है। इंग्लैंड में बारिश, कड़ाके की ठंड और शून्य से नीचे तापमान के बीच व्रतियों की अटूट श्रद्धा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि छठ केवल पूजा-पाठ का पर्व नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन, प्रकृति के प्रति सम्मान और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का महापर्व है। सचमुच, धरती कोई भी हो, छठी मैया के प्रति श्रद्धा का भाव हर जगह एक जैसा रहता है।













