UP JDU State President Shalini Singh Patel’s Big Statement on Nitish Kumar-Bihar Aaptak

नीतीश कुमार के संघर्ष पर सवाल उठाने वालों को शालिनी सिंह पटेल की दो टूक, बोलीं- पहले पढ़िए उनका राजनीतिक इतिहास

पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार के राजनीतिक संघर्ष, अनुभव और योगदान को लेकर उठ रहे सवालों पर अब पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई की उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड संगठन प्रभारी शालिनी सिंह पटेल ने प्रतिक्रिया दी है। नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद उन्होंने उन लोगों को नसीहत दी, जो उनकी राजनीतिक यात्रा और संघर्ष पर सवाल उठा रहे हैं। शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि किसी भी नेता की राजनीतिक हैसियत पर टिप्पणी करने से पहले उसके लंबे राजनीतिक सफर, संघर्ष और अनुभव को समझना चाहिए। उन्होंने अनुप्रिया पटेल के समर्थकों पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी नेता का समर्थक होना गलत नहीं है, लेकिन अपने नेता के समर्थन में किसी दूसरे नेता के दशकों के राजनीतिक संघर्ष और अनुभव को कमतर आंकना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने अपनी राजनीतिक पहचान किसी विरासत के सहारे नहीं, बल्कि लंबे संघर्ष और जमीनी राजनीति के जरिए बनाई है।

विधायक से मुख्यमंत्री तक का रहा लंबा राजनीतिक सफर

शालिनी सिंह पटेल ने नीतीश कुमार के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि वे वर्ष 1985 में पहली बार विधायक बने थे। इसके बाद 1989 में लोकसभा पहुंचे। उन्होंने 1991, 1996, 1998, 1999 और 2004 में भी लोकसभा चुनाव जीतकर संसद में अपनी जगह बनाई। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार में कृषि, रेल और भूतल परिवहन जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 में नीतीश कुमार पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री बने। इसके बाद उन्होंने कई बार राज्य का नेतृत्व किया और बिहार की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वे विधान परिषद के सदस्य भी रहे हैं। शालिनी के मुताबिक, उनका राजनीतिक सफर दशकों के अनुभव, संघर्ष और सार्वजनिक जीवन में सक्रियता का परिणाम है।

अनुप्रिया पटेल की राजनीतिक विरासत का भी किया जिक्र

शालिनी सिंह पटेल ने अनुप्रिया पटेल के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी राजनीति उनके पिता और अपना दल के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. सोनेलाल पटेल की राजनीतिक विरासत से जुड़ी रही है। अनुप्रिया पटेल वर्ष 2012 में विधायक बनीं और इसके बाद 2014, 2019 तथा 2024 में लोकसभा सांसद निर्वाचित हुईं। उन्होंने अनुप्रिया पटेल के राजनीतिक योगदान को स्वीकार करते हुए कहा कि किसी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाना और लंबे व्यक्तिगत संघर्ष के जरिए अपनी अलग पहचान बनाना दो अलग-अलग बातें हैं। उन्होंने कहा कि किसी नेता का कई बार सांसद चुना जाना निश्चित रूप से एक महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि है, लेकिन इसके आधार पर दूसरे नेता के लंबे अनुभव और संघर्ष को कमतर नहीं आंका जाना चाहिए। राजनीतिक उपलब्धियों की चर्चा करते समय तथ्यों और इतिहास को ध्यान में रखना जरूरी है।

सोशल मीडिया की टिप्पणियों से तय नहीं होता राजनीतिक कद

शालिनी सिंह पटेल ने अपने संदेश में कहा कि राजनीतिक बहस में भाषा की मर्यादा और तथ्यों का ध्यान रखा जाना चाहिए। किसी भी नेता पर टिप्पणी करने से पहले उसके राजनीतिक इतिहास, अनुभव और सार्वजनिक जीवन में योगदान को समझना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार की राजनीतिक पहचान किसी सोशल मीडिया टिप्पणी या समर्थकों के प्रमाणपत्र की मोहताज नहीं है। उनके अनुसार, राजनीतिक विरासत और अपने संघर्ष से बनाई गई पहचान के बीच अंतर समझना चाहिए। साथ ही, समर्थकों को भी किसी दूसरे नेता के योगदान पर टिप्पणी करते समय राजनीतिक शिष्टाचार और तथ्यों का ध्यान रखना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *