Hanuman Ka Name Leke Bhajan on TSeries by Ex DGP of Bihar Alok Raj-Bihar Aaptak

खाकी की जिम्मेदारियों के बीच जिंदा रहा संगीत का जुनून, अब T-Series के भजन में गूंज रही पूर्व DGP आलोक राज की आवाज

पटना। पुलिस की वर्दी, अपराधियों के खिलाफ अभियान, नक्सलियों से मुकाबला और कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियां… इन सबके बीच भी एक शख्स के दिल में संगीत के प्रति प्रेम हमेशा जिंदा रहा। यह कहानी बिहार के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) आलोक राज की है, जिन्होंने करीब 22 साल तक पुलिस सेवा की व्यस्तताओं के बीच अपने गायकी के शौक को भले ही पीछे रखा, लेकिन संगीत से अपना रिश्ता कभी नहीं टूटने दिया। अब देश की प्रतिष्ठित म्यूजिक कंपनी T-Series ने उनकी आवाज में नया भक्ति गीत ‘हनुमान का नाम लेके’ रिलीज किया है। इस गीत के साथ आलोक राज एक बार फिर अपनी गायकी को लेकर चर्चा में हैं। खास बात यह है कि इस भजन में वह खुद भी नजर आ रहे हैं।

एक पुलिस अधिकारी के रूप में लंबा और चुनौतीपूर्ण करियर बिताने वाले आलोक राज की पहचान सिर्फ कानून-व्यवस्था संभालने वाले अधिकारी के रूप में नहीं रही है। उनके व्यक्तित्व का एक दूसरा पहलू संगीत साधना से जुड़ा है। स्कूल और कॉलेज के दिनों से ही उन्हें गाने का शौक था, लेकिन आईपीएस बनने के बाद पुलिस की जिम्मेदारियों ने उन्हें संगीत से दूर कर दिया। इसके बावजूद उन्होंने अपने इस जुनून को फिर से जीने का फैसला किया और बाकायदा शास्त्रीय संगीत की शिक्षा लेकर गायकी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई।

छह साल की शास्त्रीय संगीत साधना के बाद शुरू हुआ नया सफर

आलोक राज का संगीत से जुड़ाव बचपन से ही रहा है। स्कूल और कॉलेज के दिनों में उन्हें फिल्मी गाने गाने का काफी शौक था। हालांकि, 20 अगस्त 1989 को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में आने के बाद उनकी प्राथमिकताएं बदल गईं। पुलिस सेवा की व्यस्तताओं और लगातार मिलती जिम्मेदारियों के कारण संगीत का शौक पीछे छूट गया। करीब 22 साल तक पुलिस सेवा में सक्रिय रहने के बाद दिसंबर 2011 में उन्होंने एक बार फिर संगीत की ओर कदम बढ़ाया। इस बार उनका उद्देश्य केवल शौक पूरा करना नहीं, बल्कि संगीत को विधिवत सीखना था। उन्होंने संगीत गुरु अशोक कुमार प्रसाद के मार्गदर्शन में हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की शिक्षा लेनी शुरू की और करीब छह वर्षों तक नियमित रियाज किया। उनकी इस साधना का परिणाम वर्ष 2017 में सामने आया, जब T-Series के बैनर तले उनका पहला म्यूजिक एल्बम ‘साईं रचना’ रिलीज हुआ। इसके बाद उन्होंने संगीत की दुनिया में लगातार अपनी सक्रियता बनाए रखी। एक तरफ पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां और दूसरी तरफ संगीत की साधना, आलोक राज ने दोनों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की।

गोपालदास नीरज के गीतों से कबीर के भजनों तक बनाई पहचान

आलोक राज ने अपनी आवाज के जरिए साहित्य और संगीत जगत की कई प्रतिष्ठित रचनाओं को श्रोताओं तक पहुंचाया है। उन्होंने पद्मभूषण सम्मान से सम्मानित प्रसिद्ध कवि गोपालदास नीरज के गीतों पर आधारित एक एल्बम तैयार किया। इसके लिए उन्होंने नीरज से उनके गीतों के अधिकार भी प्राप्त किए थे। इसके अलावा उन्होंने मशहूर कवि और शायर दुष्यंत कुमार की गजलों को भी अपनी आवाज दी। कबीर के भजनों पर आधारित उनका एल्बम भी रिलीज हुआ। भगवान शिव की भक्ति में गाया गया उनका गीत ‘ये भोला सबसे बड़ा है’ भी काफी चर्चित रहा। वहीं, ‘जय अंबे मां जय जय अंबे मां’ और ‘वल्कल ना ओढ़ री’ जैसे गीतों में भी उनकी गायकी सुनने को मिली। अब T-Series Bhakti Sagar के नए भजन ‘हनुमान का नाम लेके’ के साथ उनकी संगीत यात्रा में एक और अध्याय जुड़ गया है। इस भजन का संगीत निर्देशन नंदू होनाप ने किया है, जबकि इसके बोल अशोक शौक ने लिखे हैं।

1989 बैच के IPS अधिकारी, नक्सल विरोधी अभियानों में भी निभाई अहम भूमिका

मुजफ्फरपुर जिले से ताल्लुक रखने वाले आलोक राज 1989 बैच के बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी रहे हैं। अपने लंबे पुलिस करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण पदों पर काम किया। एकीकृत बिहार के दौरान रांची, गुमला, देवघर, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, सीतामढ़ी और बेगूसराय जैसे जिलों में पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में DIG और IG जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी काम किया। वर्ष 2004 से 2011 के बीच CRPF में रहते हुए उन्होंने नक्सल विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पटना में ASP रहते हुए एक पुलिस मुठभेड़ में चार अपराधियों के मारे जाने के मामले में उन्हें राष्ट्रपति का वीरता पदक भी मिला था। पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में टाटा नैनो प्लांट के विरोध में हुए हिंसक आंदोलन के दौरान CRPF के IG के रूप में उन्होंने कई दिनों तक मोर्चा संभाला था। उस समय नंदीग्राम में शांति और कानून-व्यवस्था बहाल करने की दिशा में उनकी भूमिका की चर्चा हुई थी।

करीब 105 दिनों तक संभाली बिहार के DGP की जिम्मेदारी

आलोक राज ने 30 अगस्त 2024 को बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) का पदभार संभाला था। तत्कालीन डीजीपी आरएस भट्टी के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि, उनका कार्यकाल करीब 105 दिनों का रहा, लेकिन इस दौरान उन्होंने बिहार पुलिस की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट की थीं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को बेहतर पुलिसिंग के लिए ‘6 स’ का मंत्र दिया था। इसमें समय, सार्थकता, संवेदनशीलता, शक्तिशाली होना, सत्यनिष्ठा और स्पीडी ट्रायल शामिल थे। उनका जोर पुलिस के रिस्पॉन्स टाइम को कम करने, कार्रवाई को प्रभावी बनाने, पीड़ितों के प्रति संवेदनशील रहने और अपराधियों में कानून का भय कायम करने पर था। इसके साथ ही समय पर जांच पूरी करने, आरोपपत्र दाखिल करने और स्पीडी ट्रायल के जरिए अपराधियों को सजा दिलाने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया था। DGP पद की जिम्मेदारी के बाद उन्होंने बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक के रूप में भी काम किया। 31 दिसंबर 2025 को वह पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हुए।

तीन बार राष्ट्रपति पदक से सम्मानित, पटना विश्वविद्यालय से रहे गोल्ड मेडलिस्ट

आलोक राज का शैक्षणिक सफर भी उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से भूगर्भशास्त्र (Geology) में एमएससी की पढ़ाई गोल्ड मेडल के साथ पूरी की। पुलिस सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें तीन बार राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया। वर्ष 1994 में पुलिस वीरता पदक, 2008 में सराहनीय सेवा पदक और 2016 में विशिष्ट सेवा पदक से उन्हें नवाजा गया। इसके अलावा वर्ष 2019 में उत्कृष्ट पुलिस कार्यों के लिए उन्हें अटल रत्न सम्मान भी मिला। पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने कई चुनौतीपूर्ण अभियानों का नेतृत्व किया। पश्चिमी सिंहभूम के एसपी रहते हुए वन माफिया के खिलाफ कार्रवाई की, जबकि हजारीबाग में कोयला माफिया और नक्सलियों के विरुद्ध अभियान चलाया। उन्होंने इटली में संयुक्त राष्ट्र शांति सेना से संबंधित उच्चस्तरीय प्रशिक्षण भी प्राप्त किया। बिहार पुलिस में उन्होंने विशेष शाखा, सीआईडी और विधि-व्यवस्था के एडीजी सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। इसके अलावा बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस, पुलिस प्रशिक्षण और बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी निभाईं।

बड़े सांस्कृतिक मंचों पर भी दिखा गायकी का हुनर

आलोक राज ने अपनी गायकी को केवल स्टूडियो और एल्बम तक सीमित नहीं रखा। बिहार दिवस के अलावा सोनपुर के हरिहरक्षेत्र महोत्सव, बोधगया के बौद्ध महोत्सव, राजगीर महोत्सव, पावापुरी महोत्सव और ताज महोत्सव जैसे प्रतिष्ठित आयोजनों में भी उन्होंने अपनी प्रस्तुति दी है। आकाशवाणी, दूरदर्शन और डीडी उर्दू के कार्यक्रमों में भी उनकी गायकी सुनने को मिली है। आलोक राज संगीत को व्यक्तित्व निखारने का एक महत्वपूर्ण माध्यम मानते हैं। उनका मानना है कि संगीत इंसान के भीतर सकारात्मकता बनाए रखने में मदद करता है। खासकर पुलिस जैसी तनावपूर्ण और चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी निभाने वाले व्यक्ति के लिए कला और संगीत मानसिक सुकून के साथ व्यक्तित्व को बेहतर बनाने का माध्यम बन सकते हैं। यही वजह है कि पुलिस सेवा की व्यस्तताओं के बावजूद उन्होंने संगीत के प्रति अपने प्रेम को खत्म नहीं होने दिया। छह साल की शास्त्रीय संगीत की साधना, साहित्यिक रचनाओं को आवाज देने का अनुभव और कई सांस्कृतिक मंचों पर प्रस्तुतियों के बाद अब T-Series के नए भजन ‘हनुमान का नाम लेके’ के साथ उनकी आवाज एक बार फिर श्रोताओं के बीच पहुंच रही है। खाकी की जिम्मेदारियों से शुरू हुआ उनका सफर अब सुरों की साधना के एक नए पड़ाव पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *