पटना। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की उत्तर प्रदेश प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड संगठन प्रभारी शालिनी सिंह पटेल ने पिछले दिनों 7, सर्कुलर रोड पहुंचकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नीतीश कुमार का आशीर्वाद प्राप्त किया और उनका कुशलक्षेम जाना। राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद हुई इस मुलाकात को संगठनात्मक और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश में जेडीयू के संगठनात्मक विस्तार, आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी की भावी रणनीति पर चर्चा हुई। शालिनी सिंह पटेल ने नीतीश कुमार को उत्तर प्रदेश, विशेषकर बुंदेलखंड क्षेत्र में संगठन की मौजूदा स्थिति और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में संगठन के विस्तार पर काम किया जा रहा है। नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने, जिला एवं विधानसभा स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की योजना पर विशेष जोर है। इसके साथ ही युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों और आम जनता के बीच जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाकर पार्टी की पहुंच बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

यूपी चुनाव को लेकर जेडीयू ने तेज की संगठनात्मक तैयारी
गौरतलब है कि जेडीयू ने उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक मौजूदगी मजबूत करने की दिशा में गतिविधियां तेज कर दी हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता भी लगातार संगठन को सक्रिय करने पर जोर दे रहे हैं। इसी क्रम में 1 नवंबर को वाराणसी में आयोजित पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में भी कार्यकर्ताओं को गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने तथा 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया गया था।
पार्टी की रणनीति उत्तर प्रदेश के उन क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की है, जहां संगठनात्मक आधार और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी पहले से है। इसके लिए जिला और विधानसभा स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को विस्तार देने के साथ ही संभावित चुनावी क्षेत्रों का आकलन भी किया जा रहा है।
राष्ट्रीय जिम्मेदारी के साथ बढ़ेगी पार्टी की बात रखने की भूमिका
हाल ही में जेडीयू ने शालिनी सिंह पटेल को राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट की जिम्मेदारी सौंपी है। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश में प्रदेश उपाध्यक्ष और बुंदेलखंड संगठन प्रभारी के रूप में संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रही हैं। नई जिम्मेदारी के बाद अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी का पक्ष रखने और मीडिया मंचों पर जेडीयू की नीतियों, विचारधारा एवं संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि नीतीश कुमार का मार्गदर्शन उनके लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहा है। पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है। राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट के रूप में वह पार्टी की नीतियों और विचारों को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाने का प्रयास करेंगी।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत बनाना और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। बुंदेलखंड सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन विस्तार का अभियान निरंतर जारी रहेगा। नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से इस दिशा में नई ऊर्जा के साथ काम किया जाएगा।












