Nikhil Mandal Gets New Responsibility in JDU, Joins National Media Panel-Bihar Aaptak

निखिल मंडल का बढ़ा सियासी कद, जदयू के राष्ट्रीय मीडिया पैनल में बने प्रवक्ता

पटना। जनता दल (यूनाइटेड) ने अपने संगठनात्मक विस्तार के तहत बिहार के युवा नेता निखिल मंडल को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय मीडिया पैनल में प्रवक्ता के रूप में शामिल किया है। 17 नवंबर को घोषित संगठनात्मक नियुक्तियों की सूची में निखिल मंडल के साथ विधायक कोमल सिंह और शालिनी सिंह पटेल को भी राष्ट्रीय मीडिया पैनल में जगह दी गई है। पार्टी के इस फैसले को राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया के माध्यम से संगठन की बात प्रभावी ढंग से रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद निखिल मंडल ने सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने लिखा, “मुझे पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया पैनल में प्रवक्ता पद जैसे महत्वपूर्ण दायित्व पर मनोनीत किए जाने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष माननीय सांसद श्री संजय कुमार झा जी एवं पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेतृत्व का हृदय से आभार प्रकट करता हूं। यह जिम्मेदारी मेरे लिए सम्मान के साथ दायित्व को मजबूती से निभाने का अवसर है। आप सभी का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। जय बिहार-जय मधेपुरा।” उन्होंने अपनी इस नई जिम्मेदारी को सम्मान के साथ एक महत्वपूर्ण दायित्व बताते हुए पार्टी नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प भी व्यक्त किया।

राजनीतिक विरासत के साथ बनाई अपनी पहचान

निखिल मंडल बिहार की राजनीति में एक परिचित युवा चेहरा हैं। वह मंडल आयोग के अध्यक्ष रहे बीपी मंडल के पौत्र हैं। उनके पिता मणींद्र कुमार मंडल भी मधेपुरा की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और विधायक रह चुके हैं। निखिल मंडल का राजनीतिक जुड़ाव मधेपुरा के साथ-साथ पटना से भी रहा है।

मधेपुरा से लड़ चुके हैं विधानसभा चुनाव

निखिल मंडल ने वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में जेडीयू के टिकट पर मधेपुरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि, इस चुनाव में उन्हें राजद प्रत्याशी चंद्रशेखर के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले वह जेडीयू के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में पार्टी का पक्ष रखते रहे थे।

सितंबर 2022 में उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए प्रदेश प्रवक्ता के पद से इस्तीफा दे दिया था। अब पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय मीडिया पैनल में शामिल कर एक नई जिम्मेदारी सौंपी है।

जेडीयू के राष्ट्रीय मीडिया पैनल में शामिल होने के बाद निखिल मंडल की भूमिका अब राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी का पक्ष रखने और मीडिया के माध्यम से संगठन की नीतियों एवं विचारों को सामने लाने की होगी। उनकी इस नई जिम्मेदारी को बिहार की राजनीति में उनके आगे बढ़ते राजनीतिक सफर के एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *