पटना। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री एवं वैशाली के प्रभारी मंत्री निशांत कुमार के साथ कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के सुरक्षा दस्ते के एक बॉडीगार्ड के व्यवहार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। जनता दल (यूनाइटेड) की राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट और उत्तर प्रदेश जेडीयू की प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी सिंह पटेल ने इस घटनाक्रम पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि सार्वजनिक कार्यक्रम में एक कैबिनेट मंत्री के साथ इस तरह का व्यवहार कई सवाल खड़े करता है। आखिर ऐसी क्या परिस्थिति थी कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास खड़े स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को सुरक्षाकर्मी ने पीछे कर दिया? क्या यह सुरक्षा प्रोटोकॉल का हिस्सा था या फिर इसे लागू करने के तरीके में मर्यादा और शिष्टाचार की अनदेखी हुई? इन सवालों का जवाब सामने आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है, लेकिन उसका पालन करते समय संवैधानिक पदों पर बैठे जनप्रतिनिधियों के सम्मान और सार्वजनिक मर्यादा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। यदि सुरक्षाकर्मी ने निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई की थी, तो इसकी स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। वहीं, यदि जांच में किसी तरह की अनुचित कार्रवाई सामने आती है, तो संबंधित सुरक्षाकर्मी की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

‘यह मामला सिर्फ एक मंत्री के सम्मान का नहीं, संस्थागत मर्यादा का भी है’
शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि निशांत कुमार बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री होने के साथ वैशाली जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं। ऐसे में सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान उनके साथ हुए व्यवहार को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। यह मामला केवल किसी व्यक्ति के सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि जनप्रतिनिधियों के प्रति प्रशासनिक व्यवहार, राजनीतिक शिष्टाचार और संस्थागत गरिमा से भी जुड़ा हुआ है।
उन्होंने पुलिस मुख्यालय से पूरे घटनाक्रम का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति पैदा न हो।
‘सच्चाई सामने आए, तय हो जवाबदेही’
जेडीयू नेत्री ने कहा कि सुरक्षा के नाम पर किसी जनप्रतिनिधि की गरिमा की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। इस मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच जरूरी है। सच्चाई सामने आनी चाहिए और यदि किसी स्तर पर चूक हुई है, तो उसकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
शालिनी सिंह पटेल ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक मर्यादा एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। दोनों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।












