Health Minister Addresses Future Doctors in Chhapra Medical College-Bihar Aaptak

छपरा मेडिकल कॉलेज के पहले बैच को निशांत ने दिया मंत्र, बोले- डॉक्टर बनना मानव सेवा का संकल्प

पटना। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने गुरुवार को सारण जिले के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसी), छपरा में एमबीबीएस के प्रथम बैच के विद्यार्थियों के ओरिएंटेशन एवं व्हाइट कोट समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को सफेद एप्रन पहनाकर चिकित्सा शिक्षा के नए सफर की शुरुआत कराई। समारोह में विद्यार्थियों ने चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पण, नैतिक मूल्यों और मानवता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ ली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि डॉक्टर बनना केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि मानव सेवा का संकल्प लेना है। छपरा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 50 सीटों के संचालन की अनुमति मिलना राज्य में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सफेद एप्रन केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, संवेदनशीलता और मानवता के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है।

मरीज को केवल केस नहीं, इंसान समझें डॉक्टर

स्वास्थ्य मंत्री ने भावी चिकित्सकों को मरीजों के प्रति संवेदनशील रहने और सेवा भाव को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि चिकित्सक मरीजों को केवल एक केस के रूप में नहीं, बल्कि एक इंसान के रूप में देखें। गरीब, जरूरतमंद और वंचित लोगों के उपचार को प्राथमिकता दें। उन्होंने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), चिकित्सा अनुसंधान और आधुनिक तकनीकों से जुड़कर अपने ज्ञान एवं कौशल को लगातार विकसित करने का संदेश भी दिया।

निशांत ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में बिहार में स्वास्थ्य केंद्रों के सुदृढ़ीकरण, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के माध्यम से मजबूत आधार तैयार किया गया है। अब सात निश्चय-3 के तहत ‘सुलभ स्वास्थ्य, सुरक्षित जीवन’ के लक्ष्य को पूरा करना है। सरकार का उद्देश्य अस्पतालों में बेहतर आधारभूत संरचना, पर्याप्त मानव बल, जरूरी दवाएं, आधुनिक उपकरण और जांच सुविधाएं उपलब्ध कराकर मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि बिहार के किसी भी व्यक्ति को इलाज के लिए दूसरे राज्य में न जाना पड़े। साथ ही चिकित्सकों की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना भी स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है।

छपरा मेडिकल कॉलेज में 74 चिकित्सा शिक्षकों की होगी नियुक्ति

समारोह में स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और मानव बल की उपलब्धता को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्यभर के मेडिकल कॉलेजों में कुल 1,846 चिकित्सा शिक्षकों की नियुक्ति के लिए बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को अधियाचना भेजी गई है। इसमें छपरा मेडिकल कॉलेज के लिए 74 चिकित्सा शिक्षकों के पद भी शामिल हैं।

स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि वर्ष 2013 के बाद बिहार में छह नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं, जबकि 12 मेडिकल कॉलेजों के भवन निर्माण का कार्य चल रहा है। पीपीपी मॉडल के तहत भी रियायती दरों पर उपचार और चिकित्सा शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर सहमति बनी है। उन्होंने प्रथम बैच के विद्यार्थियों को चिकित्सा सेवा की शपथ अपने आचरण में उतारने और संस्थान, समाज तथा देश के प्रति जिम्मेदार रहने की अपील की।

दीप प्रज्वलन से हुआ समारोह का शुभारंभ

इससे पहले समारोह की शुरुआत अतिथियों के सम्मान और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. (प्रो.) सी.पी. जायसवाल ने स्वागत संबोधन दिया। स्वास्थ्य मंत्री और अन्य अतिथियों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को व्हाइट कोट पहनाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर मांझी विधायक रणधीर कुमार सिंह, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि, बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMSICL) के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन, सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, स्वास्थ्य मंत्री के आप्त सचिव कौशलेन्द्र कुमार, प्राचार्य डॉ. (प्रो.) सी.पी. जायसवाल, डीन डॉ. (प्रो.) दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं चिकित्सा शिक्षक उपस्थित रहे। डीन डॉ. दीपक कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *