पटना। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार रविवार को पटना स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित BREATHCON 2026 कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने फेफड़ा रोग विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, वरिष्ठ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के बीच श्वसन संबंधी बीमारियों की रोकथाम, बेहतर उपचार और जन-जागरूकता को लेकर अपने विचार साझा किए।
अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सांसों का चलना जीवन का प्रतीक है और उनका रुक जाना मृत्यु की अवस्था है। ऐसे में चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में चेस्ट मेडिसिन और श्वसन रोगों से जुड़े अनुसंधान, रोकथाम एवं उपचार की विधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि आज देश और बिहार में टीबी (TB), क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD), अस्थमा, फेफड़ों का कैंसर, स्लीप एपनिया समेत कई श्वसन संबंधी बीमारियां बड़ी स्वास्थ्य चुनौती बनी हुई हैं। इन बीमारियों से निपटने में पल्मोनोलॉजिस्ट यानी फेफड़ा रोग विशेषज्ञों का योगदान बेहद अहम है।

स्वास्थ्य मंत्री ने BREATHCON जैसे वैज्ञानिक एवं चिकित्सा सम्मेलनों को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञान के आदान-प्रदान, नए शोध और उपचार की बेहतर पद्धतियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि श्वसन संबंधी बीमारियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। बेहतर उपचार सुविधाओं, बीमारी की समय पर पहचान, रोकथाम और व्यापक जन-जागरूकता के माध्यम से बिहार को स्वस्थ एवं खुशहाल बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने की जरूरत है। स्वास्थ्य मंत्री ने श्वसन रोगों के खिलाफ सामूहिक प्रयास, चिकित्सा अनुसंधान और जन-जागरूकता को मजबूत बनाने का संदेश दिया।













1 Comment