Dr Randeep Gulearia with Health Minister Nishant-Bihar Aaptak

छोटी शुरुआत, बड़ी पहचान! निशांत ने बिहार थोरैसिक सोसाइटी की जमकर की सराहना

पटना। बिहार में पल्मोनरी मेडिसिन (फेफड़ा एवं श्वसन रोग चिकित्सा) के क्षेत्र में चिकित्सा ज्ञान, शोध और विशेषज्ञता को बढ़ावा देने की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में BREATHCON 2026 का आयोजन किया गया। थोरैसिक सोसाइटी ऑफ बिहार की स्थापना के करीब दो वर्ष बाद आयोजित यह उसका पहला राष्ट्रीय सम्मेलन था। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए 25 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हिस्सा लिया और पल्मोनरी मेडिसिन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने अनुभव, विशेषज्ञता और नवीनतम चिकित्सा जानकारियां साझा कीं।

निशांत बोले- यह उपलब्धि निरंतर परिश्रम और समर्पण का परिणाम

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने अपने संदेश में कहा कि बिहार थोरैसिक सोसाइटी की यात्रा अपने आप में प्रेरणादायक है। बिहार की धरती से शुरू हुई यह छोटी-सी अकादमिक पहल आज निरंतर अपनी सीमाओं का विस्तार कर रही है और देशभर के पल्मोनोलॉजिस्ट एवं श्वसन रोग विशेषज्ञों को एक साझा मंच पर जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक दिन का परिणाम नहीं है, बल्कि इसके पीछे निरंतर परिश्रम, लगन, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और ज्ञान के प्रति समर्पण की भावना है। किसी भी संस्था की वास्तविक पहचान केवल उसके आकार या सदस्यों की संख्या से नहीं होती, बल्कि उसके उद्देश्यों, कार्यशैली, निरंतरता और समाज के प्रति योगदान से होती है। निशांत कुमार ने कहा कि बिहार थोरैसिक सोसाइटी ने यह साबित किया है कि यदि संकल्प मजबूत हो और काम करने की इच्छाशक्ति हो, तो बिहार से शुरू हुआ कोई भी प्रयास राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकता है। सम्मेलन में शामिल बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने इस आयोजन को बिहार के लिए गौरव का विषय बताते हुए इसके आयोजक बिहार थोरैसिक सोसाइटी (Bihar Thoracic Society-BTS) को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से आए प्रख्यात पल्मोनोलॉजिस्ट, श्वसन रोग विशेषज्ञों, चिकित्सा शिक्षकों और शोधकर्ताओं का एक मंच पर जुटना न केवल चिकित्सा जगत के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि बिहार के लिए भी गर्व की बात है।

Bihar Health Minister Nishant Kumar at BRETHCON-Bihar Aaptak

2023 में हुई थी बिहार थोरैसिक सोसाइटी की शुरुआत

BREATHCON 2026 की खास बात यह रही कि इसके माध्यम से बिहार में शुरू हुई एक छोटी-सी अकादमिक पहल की राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान सामने आई। बिहार थोरैसिक सोसाइटी की शुरुआत अक्टूबर 2023 में एक सकारात्मक सोच और स्पष्ट उद्देश्य के साथ हुई थी। इसका मुख्य उद्देश्य श्वसन चिकित्सा के क्षेत्र में ज्ञान का प्रसार, चिकित्सकों के बीच अकादमिक संवाद, नवीनतम वैज्ञानिक अनुसंधानों का आदान-प्रदान और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सामूहिक प्रयास करना था। करीब दो वर्षों में सोसाइटी ने अपनी गतिविधियों और दायरे का विस्तार करते हुए देशभर के पल्मोनोलॉजिस्ट एवं श्वसन रोग विशेषज्ञों को एक साझा मंच पर जोड़ने की दिशा में कदम बढ़ाया है। BREATHCON 2026 इसी प्रयास का महत्वपूर्ण पड़ाव बनकर सामने आया।

डॉ. दीपक तलवार और डॉ. रणदीप गुलेरिया रहे प्रमुख आकर्षण

सम्मेलन में देश के कई प्रतिष्ठित चिकित्सकों ने भाग लिया। दिल्ली के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. दीपक तलवार और डॉ. रणदीप गुलेरिया की मौजूदगी विशेष आकर्षण रही। इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उनके अनुभव और योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से उनके नाम पर डॉ. दीपक तलवार ओरिएशन अवॉर्ड और डॉ. रणदीप गुलेरिया ओरिएशन अवॉर्ड भी रखे गए। बिहार के प्रमुख चिकित्सकों में डॉ. एसके मधुकर, डॉ. प्रकाश सिन्हा, डॉ. सुरेंद्र कुमार, डॉ. विनय कृष्णा, डॉ. अमिताभ बांका, डॉ. आशीष झा, डॉ. जयप्रकाश राय, डॉ. इंदु बुबना, डॉ. मेजर मधुकर, डॉ. चंदन कुमार, डॉ. रौशन, डॉ. आदित्य, डॉ. आशुतोष परिहस्त और डॉ. सरफराज आलम सहित अन्य चिकित्सकों ने भी भागीदारी की।

Nishant Stresses Research, Early Diagnosis and Better Treatment of Respiratory Diseases at BREATHCON 2026

श्वसन रोगों के बेहतर उपचार और शोध को मिलेगा बढ़ावा

BREATHCON 2026 को बिहार में पल्मोनरी मेडिसिन के क्षेत्र में अकादमिक गतिविधियों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इस तरह के राष्ट्रीय सम्मेलनों से चिकित्सकों को नवीनतम वैज्ञानिक अनुसंधानों, आधुनिक उपचार पद्धतियों और चिकित्सा क्षेत्र की नई चुनौतियों पर विचार-विमर्श करने का अवसर मिलता है। साथ ही, विशेषज्ञों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान होने से श्वसन रोगों की बेहतर पहचान, उपचार और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों को भी मजबूती मिल सकती है। BREATHCON 2026 के जरिए बिहार थोरैसिक सोसाइटी ने राज्य को पल्मोनरी मेडिसिन के राष्ट्रीय अकादमिक मंच पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।

सांसों की सेहत के लिए रिसर्च व जागरूकता जरूरी

सम्मेलन से एक दिन पहले विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष कार्यशालाओं का भी आयोजन किया गया। इनमें नॉन-इनवेसिव वेंटिलेशन (NIV), ईबीयूएस-टीबीएनए (EBUS-TBNA), एलर्जी, पल्मोनरी रेडियोलॉजी, स्पाइरोमेट्री और पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन जैसे विषय शामिल रहे। इन कार्यशालाओं के माध्यम से चिकित्सकों को श्वसन रोगों के आधुनिक उपचार, जांच की नवीन तकनीकों और मरीजों की बेहतर देखभाल से जुड़ी व्यावहारिक जानकारियां एवं विशेषज्ञों के अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *