पटना। समस्तीपुर स्थित श्री रामजानकी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में रविवार को एमबीबीएस के प्रथम बैच के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन एवं व्हाइट कोट समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि समारोह की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने की। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने 50 नवप्रवेशित विद्यार्थियों को सफेद कोट पहनाकर चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उनके नए सफर की शुरुआत कराई। विद्यार्थियों ने चिकित्सा सेवा, नैतिक मूल्यों और मानवता के प्रति समर्पित रहने की शपथ भी ली।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, विधायक अश्वमेध देवी, राज कुमार राय, महेश्वर हजारी, तरुण कुमार, बिरेन्द्र कुमार एवं मंजरिक मृणाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, समस्तीपुर के जिलाधिकारी, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार कर्ण, अधीक्षक पूनम कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सा शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

डॉक्टर बनना केवल डिग्री हासिल करना नहीं, मानव सेवा का संकल्प लेना है : निशांत
समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने श्री रामजानकी चिकित्सा महाविद्यालय में 50 एमबीबीएस सीटों के संचालन की राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) से स्वीकृति मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि डॉक्टर बनना केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि मानव सेवा के प्रति संकल्प लेने की शुरुआत है। चिकित्सा पेशे में ज्ञान और तकनीकी दक्षता के साथ संवेदनशीलता, समर्पण और मानवीय व्यवहार भी बेहद जरूरी है।उन्होंने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मेडिकल रिसर्च और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों के साथ खुद को लगातार अपडेट रखने तथा अपने ज्ञान एवं कौशल का निरंतर विकास करने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक सुधार हुए हैं। मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण काम किए गए हैं। अब सात निश्चय-3 के तहत ‘सुलभ स्वास्थ्य, सुरक्षित जीवन’ के लक्ष्य को साकार करना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का संकल्प है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के साथ समाज के सभी वर्गों को समान एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अस्पतालों में बेहतर बुनियादी ढांचे, पर्याप्त चिकित्साकर्मियों, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को समय पर उपचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी वास्तविक उपलब्धि तब होगी, जब प्रत्येक मरीज को समय पर समुचित इलाज मिले और बिहार के किसी नागरिक को बेहतर उपचार के लिए राज्य से बाहर जाने की जरूरत न पड़े। इस दिशा में ट्रॉमा सेंटर, एम्बुलेंस सेवा, सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं के विकेंद्रीकरण पर काम किया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज के विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर : रामनाथ ठाकुर
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने समस्तीपुर मेडिकल कॉलेज में प्रथम शैक्षणिक सत्र शुरू होने पर प्रसन्नता जताते हुए नवप्रवेशित विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन, अनुशासन और समर्पण के साथ पढ़ाई करने तथा भविष्य में समाज की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का स्वागत करते हुए मेडिकल कॉलेज के विकास कार्यों में तेजी लाने, लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही संस्थान की स्थापना एवं विकास में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के योगदान की सराहना की।

समस्तीपुर में मेडिकल कॉलेज की शुरुआत स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी उपलब्धि : विजय चौधरी
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि समस्तीपुर में मेडिकल कॉलेज का पहला शैक्षणिक सत्र शुरू होना जिले और आसपास के क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। गरीबों और आम नागरिकों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। उन्होंने इस उपलब्धि में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की सक्रिय भूमिका और प्रयासों की सराहना की। साथ ही स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि की प्रशासनिक तत्परता एवं प्रतिबद्धता की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से संस्थान की कमियों को दूर कर शैक्षणिक सत्र शुरू करने में सफलता मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संस्थान आने वाले समय में पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा।
50 विद्यार्थियों के साथ शुरू हुआ पहला एमबीबीएस बैच, 150 स्वास्थ्यकर्मियों की हुई पदस्थापना : कुमार रवि
स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने व्हाइट कोट समारोह को संस्थान के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में पहली बार 50 विद्यार्थियों का एमबीबीएस पाठ्यक्रम में नामांकन हुआ है। वर्ष 2024 में अस्पताल का शुभारंभ हुआ था और अब शैक्षणिक सत्र शुरू होने से संस्थान के विकास को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि सहायक प्राध्यापकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए बीपीएससी को अधियाचना भेजी गई है। इसके अलावा संविदा आधारित नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। अस्पताल में 125 अतिरिक्त स्टाफ नर्स सहित लगभग 150 नए स्वास्थ्यकर्मियों की पदस्थापना की गई है। आवश्यक चिकित्सा उपकरणों और तकनीकी कर्मियों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे में मानव सेवा की भावना को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।
व्हाइट कोट पहनकर विद्यार्थियों ने ली चिकित्सा सेवा की शपथ
समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार कर्ण ने स्वागत संबोधन में अतिथियों का अभिनंदन किया और नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और अन्य अतिथियों ने प्रथम बैच के 50 छात्र-छात्राओं को व्हाइट कोट पहनाया। इस दौरान विद्यार्थियों ने चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पण, नैतिक मूल्यों के पालन और मानवीय संवेदनाओं के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की अधीक्षक पूनम कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।












