सुपौल में तेजाब कांड; 5 लोग झुलसे, मामूली बात पर पड़ोसी बने जान के दुश्मन

पटना : मामूली बात पर पड़ोसी एक-दूसरे के जान के दुश्मन बन गए। एक पक्ष ने पांच लोगों पर तेजाब फेंक दिया। पांचों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसहा पंचायत की है। यहां मचहा वार्ड संख्या 12 में सोमवार की रात दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दरअसल, रूपेश साह के घर में सोमवार की शाम को पूजा हुई। इसके बाद उस परिवार के लोग जगह-जगह लावा छिड़कने लगे। रूपेश के घर वालों ने अनमोल यादव के घर में भी लावा और जल छिड़क दिया। इस अनमोल के घर वालों ने आपत्ति जताई तो दो परिवारों में विवाद शुरू हो गया। इतने में एक पक्ष के लोगों ने कमरे के अंदर से एसिड लाकर पांच लोगों पर हमला कर दिया। इसमें चंद्रशेखर कुमार, बबलू कुमार, ओमप्रकाश कुमार, तरुण कुमर, अमित कुमार गंभीर रूप से झुलस गए। जबकि दूसरे पक्ष के अनमोल यादव और विकास यादव मारपीट में घायल हुए हैं। ग्रामीणों ने घायलों और तेजाब से झुलसे लोगों को अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद तेजाब से झुलसे लोगों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

किसी पक्ष ने थाने में नहीं की शिकायत
तेजाब कांड को लेकर दोनों पक्षों में से किसी ने अभी थाने में आवेदन नहीं दिया है। थानाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। किसी एक पक्ष द्वारा शिकायत करने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

आरा में तालाब में डुबोकर युवक की हत्या
आरा जिले के सिकरहटा थाना क्षेत्र के देव गांव में तालाब में डुबोकर एक युवक की हत्या कर दी गई। पहले युवक की बेरहमी से पिटाई की गई और फिर उसे तालाब में डुबो दिया गया। मृत युवक की पहचान 35 वर्षीय विनोद रजवार के रूप में हुई है। दरअसल, विनोद अपनी बकाया मजदूरी मांगने गया था। विनोद के भतीजे अमरजीत कुमार ने बताया कि गांव के ही पिंटू साह के खेत में उसके चाचा मजदूरी करते थे। सोमवार की शाम वह पिंटू से अपने बकाया मजदूरी मांगने गए तो उन लोगों ने पहले विनोद को बेरहमी से पीटा और फिर तालाब में डुबोकर मार डाला। अमरजीत के बयान पर पुलिस ने पिंटू साह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दूसरी ओर शव को तालाब से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

पटना में दिनदहाड़े 25 राउंड फायरिंग
राजधानी पटना में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग हुई है। करीब 25 राउंड फायरिंग से शहर में दहशत बढ़ गई। घटना फतुहा थाना क्षेत्र की है। यहां डुमरी गांव में दो गुटों में जमीन विवाद को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई है। आक्रोशितों ने एक ट्रैक्टर को भी फूंक दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद दोनों पक्ष शांत हुए। पुलिस ने घटनास्थल से दो दर्जन खोखे बरामद किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *