Begusarai Goli Kand-Criminals Traceless

बेगूसराय गोलीकांड: 10 लोगों को ठांय-ठांय गोली मारते पटना जिले में पहुंचे अपराधी, बिहार पुलिस के हाथ कुछ नहीं

पटना। मंगलवार की शाम हुए बेगूसराय गोलीकांड मामले में पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। कल देर शाम सनकी अपराधियों द्वारा लगभग दो घंटे तक ताबड़तोड़ दर्जनों लोगों पर हमला किया गया, अब एक दिन बाद भी बिहार की पुलिस बस हाथ पर हाथ रखे बैठी हुई है। यह भी तब जब सीसीटीवी में बाइक पर सवार दोनों अपराधियों को भी देखा गया। बेगूसराय में पिस्टल से कोहराम मचाते हुए दोनों अपराधी पटना जिले की तरफ भागे, पर अब तक राज्य की पुलिस उन्हें पकड़ने में पूरी तरह से नाकाम है।

लगभग 30 किलोमीटर तक बेखौफ होकर हाइवे पर ही चलते गये। एक हाथ में हथियार भी लहराते गये, लेकिन कानून-व्यवस्था का आलम ऐसा दिखा की घंटे भर के इस खूनी खेल के दौरान पुलिस की नींद तक नहीं खुली। सबसे बड़ी बात यह कि इस दौरान दस लोगों पर गोली चलाई पर उनके रास्ते में एक भी पुलिवाले नहीं आए। पुलिस की गश्ती गाड़ी कहां थी, 30 किलोमीटर के बीच एक भी पुलिस गाड़ी या पुलिसकर्मी नहीं मिले अपराधी को, ऐसा आखिर कैसे हो सकता है।

पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है. सभी घायलों का विभिन्न जगहों पर इलाज चल रहा है। इस इस मामले को लेकर बेगूसराय के एसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि आज शाम होते ही एक बाइक सवार ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों मे अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दिया था, जिसमें अबतक करीब 10 लोगों को गोली लगने की सूचना मिली है और एक व्यक्ति की मौत हुई है। एसपी ने कहा कि सभी थाना को अलर्ट कर दिया गया है और पूरे जिले में नाकाबंदी कर दिया गया है।

ताज्जुब की बात ये है कि ये बाइक सवार सनकी कुल 6 थाना क्षेत्रों को पार किया, लेकिन कहीं भी पुलिस की सक्रियता नहीं रही और नतीजतन आसानी से ये बदमाश हमला करके भागे। करीब 30 किलोमीटर के अंदर तक पिस्टल लहराते हुए इन घटनाओं को अंजाम दिया गया, तब जाकर पुलिस को इसकी जानकारी हुई और सक्रिय हुई।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पूर्व से तय अपने सभी कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। वे बेगूसराय में हैं। उन्होंने कहा कि जब अपराधी बेखौफ हो जाते हैं तो बेगूसराय जैसी घटना घटती है। 30 किमी तक चार थाने से होते हुए अपराधी ने इस घटना को अंजाम दिया है। नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने बेगूसराय में हुए गोलीकांड को लेकर ट्वीट कर कहा कि मुख्यमंत्री को इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए गृह विभाग से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेगूसराय का दुर्भाग्यपूर्ण गोलीकांड केवल पुलिस महानिदेशक के अहम पद पर एक गैरजिम्मेदार-लापरवाह अधिकारी को बैठाने से हुआ है।

बता दें कि मंगलवार की शाम अपराधी समस्तीपुर की ओर से आये थे। बेगूसराय जिले के बछवाड़ा पहुंचकर अपराधियों ने गोलीबारी की। लोग कुछ समझ पाते इससे पहले वो आगे बढ़ गये। कुछ ही देर बाद दूसरी जगह और फिर आगे भी ऐसी ही घटनाओं की जानकारी से हड़कंप मच गया। सभी लोगों ने बदमाशों की पहचान एक ही बतायी। अलग-अलग जगहों पर उसने राह चलते लोगों को शिकार बनाया और जिसे मन चाहा उसे गोली मारी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *