बड़ी खबर: महागठबंधन टूटा, अब राजद और कांग्रेस अलग-अलग

पटना : बिहार में दो सीटों के उपचुनाव के दौरान राजद और कांग्रेस शुरू हुए मनमुटाव के बाद महागठबंधन टूट चुका है। अब बिहार में कांग्रेस और राजद साथ नहीं रहा। इसकी पुष्टि शुक्रवार की दोपहर कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास ने की। उन्होंने कहा कि अब दोनों पार्टियां अलग-अलग हो गईं हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी अकेले उपचुनाव लड़ेगी। इधर, राजद ने कहा कि उन्हें जमीनी हकीकत नहीं पता है। राजद नेता और सांसद मनोज झा ने हाल में कहा था कि ऐसे ही नेता अपनी पार्टी की लुटिया डुबोते हैं। बता दें बिहार में कांग्रेस और राजद के बीच गठबंधन तीन दशक से चल रहा है। इस बार दोनों उपचुनाव के दौरान एक सीट को लेकर अलग-थलग हो गए। मुंगेर की तारापुर सीट और दरभंगा की कुशेश्वरस्थान सीट में से एक सीट कांग्रेस चाहती थी, लेकिन राजद ने दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारा दिया। इसके बाद कांग्रेस ने भी दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवर खड़े किए हैं।

पप्पू यादव कर रहे कांग्रेस का समर्थन
दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव में जाप संरक्षक और पूर्व सांसद पप्पू यादव कांग्रेस का समर्थन कर रहे हैं। शुक्रवार को कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास ने महागठबंधन में टूट की घोषणा से पहले पप्पू यादव से मुलाकात की थी। पप्पू से मिलने के बाद भक्त चरण दास ने कहा जाप के समर्थन से कांग्रेस को उपचुनाव में मजबूती मिलेगी। साथ ही राजद पर महागठबंधन को तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में भी राजद सीटों को लेकर कोई समझौता नहीं करती। अब कांग्रेस अपने दम पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी। पार्टी सभी 40 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।

आरजेडी ने महागठबंधन धर्म का पालन नहीं किया
कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास ने कहा कि हमने हमेशा महागठबंधन धर्म का पालन किया है, लेकिन राजद ने ऐसा नहीं किया। उसने कभी भी महागठबंधन धर्म को गंभीरता से नहीं लिया। हम इस उपचुनाव में मजबूती से लड़ेंगे। हमारे सभी नेता बिहार पहुंच रहे हैं और जमकर चुनाव प्रचार करेंगे। इधर, भक्त चरण दास के बयानों से राजद नेताओं में जबर्दस्त आक्रोश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *