बिहार बंद: महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने पटना में चक्का किया जाम, अन्य जिले प्रभावित

पटना : बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बिल और विधानसभा में विपक्षी विधायकों की पिटाई के विरोध में बिहार बंद रहा। राजधानी पटना समेत कई जिलों में महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने चक्का जाम कर दिया। पटना में डाकबंगला चौराहे पर महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और यातायात को पूरी तरह बाधित कर दिया। इस दौरान चौराहे पर जाम लग गया। जन अधिकार पार्टी भी कृषि कानून वापस लेने समेत कई मांगों को लेकर सड़क जाम किया।

लखीसराय में बिहार बंद का दिखा असर
बिहार बंद का लखीसराय में असर दिखा। सुबह से दुकानें बंद रहीं और सड़कों पर गाड़ियों का आवागमन कम रहा। यही स्थिति मुंगेर और खगड़िया में भी रही। खगड़िया के राजेंद्र चौक को महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने जाम कर दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हंगामा के बढ़ता देखकर दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। इधर, कटिहार-पूर्णिया मुख्य मार्ग को मिरचाईबाड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान लंबा जाम लग गया। बांका जिले में भी बिहार बंद का असर दिखा। गांधी चौक को कार्यकर्ताओं ने जाम किया। जमुई के कचहरी चौक को लोगों ने जाम किया।

भागलपुर में उल्टा पुल जाम
भागलपुर शहर में महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने उल्टा पुल को जाम कर दिया। इस कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ऐसे में स्टेशन से अलग-अलग इलाकों में जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। वहीं, मधेपुरा और सहरसा में बिहार बंद का व्यापक असर दिखा। मधेपुरा के कर्पूरी चौक को कार्यकर्ताओं ने पूरी तरह जाम कर दिया। सहरसा के शंकर चौक पर भी आवागमन अवरुद्ध रहा। प्रदर्शन करने वालों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष विद्यानंद मिश्र, राजद जिलाध्यक्ष ताहिर, अजय सिंह, राजन आनंद, शंकर, गौतम आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *