Graduate Chaiwali Priyanka Gupta Crying in Patna-Bihar Aaptak

फूट-फूटकर रोई ‘ग्रेजुएट चायवाली’ प्रियंका गुप्ता, कहा-यह बिहार है और हम अपनी औकात भूल गए थे

पटना। सोशल मीडिया जिसे चाहे हीरो बना सकती है और जिसे चाहे अर्श से फर्श पर भी गिरा सकती है। पटना की चायवाली इसी सोशल मीडिया की उपज है। ग्रेजुएट चायवाली नाम से सुर्खियां बटोरने वाली प्रियंका गुप्ता का रोते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा, जिसमें उन्होने पटना नगर निगम और बिहार के सिस्टम को जमकर कोसा है। सिसक-सिसक कर रोते हुए प्रियंका गुप्ता ने अपना दर्द बयां किया है। बता दें कि नगर निगम की कार्रवाई से परेशान होकर वह लालू प्रसाद तक से गुहार लगा चुकी है।

ग्रेजुएट चायवाली प्रियंका गुप्ता ने कहा कि आप सब तो मुझे जानते ही होंगे ग्रेजुएट चायवाली… सो कॉल्ड ग्रेजुएट चायवाली, हम अपनी हद भूल गए थे। मेरी औकात बस किचन तक है, चूल्हा चैका करना, शादी करके अपने घर जाना। बिजनेस करना तो मेरा अधिकार है ही नहीं। प्रियंका ने कहा कि मुझे तो लगा था कि हम बिहार में कुछ डिफरेंट कर रहे थे तभी ना आप सपोर्ट कर रहे थे। लेकिन हम अपना हद भूल गए थे। ये बिहार है… यहां लड़कियों की औकात बस इतनी होती है कि वो किचन तक सीमित रहती हैं। होना भी चाहिए। लड़कियों को आगे बढ़ने का कोई हक नहीं होता। प्रियंका यही नहीं रुकी, उन्होने कहा कि पटना में बहुत सारा काम होता है, गैर-कानूनी तरीके से बहुत सारा काम होता है। अवैध तरीके से शराब बेचा जाता है लेकिन वहां सिस्टम एक्टिव नहीं होता। लेकिन कोई लड़की अपना बिजनेस कर रही है तो उसको बार-बार परेशान किया जाता है।

पटना की ग्रेजुएट चाय वाली प्रियंका गुप्ता के स्टॉल को नगर निगम ने पहले भी हटाया था, जिसके बाद प्रियंका गुप्ता ने आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की और मदद की गुहार लगाई। लालू से मिलने के बाद निगम के अधिकारियों ने प्रियंका को उनका ठेला वापस कर दिया था।

ग्रेजुएट चायवाली नाम चर्चित प्रियंका ने कहा, जब मुझे लगा कि कमिश्नर सर से परमिशन मिला है कि वहां कुछ दिन के लिए हम अपनी कार्ट लगा सकते हैं। फिर वहां से बार-बार हमारा कार्ट बिना जानकारी दिए कैसे उठा लिया जाता है। जिन-जिन लोगों से फ्रेंचाइजी ली गई थी हम उनके पैसे लौटाने जा रहे। कंपनी बंद करने जा रहे, अब हम वापस घर जा रहे। बुरी तरह से रोते हुए प्रियंका ने कहा कि थैंक्यू नगर निगम, थैंक्यू बिहार के सिस्टम। लोगों ने मुझे औकात दिखा दी कि लड़की हो… घर में रहो। बाहर निकल कर कुछ करने की जरुरत नहीं है, क्योंकि ये बिहार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *