भाजपा सांसद ने थाने के सामने दिया धरना, पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

पटना : बिहार में विधि-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर लगाताार सवाल उठ रहे हैं। खासतौर पर बीजेपी नेता लगातार पुलिस की कार्यशैली से नाराज दिख रहे हैं। अब औरंगाबाद में भाजपा सांसद ने थाने के सामने धरना दिया है। सांसद सुशील कुमार सिंह, विधान पार्षद राजन कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा और युवा जिलाध्यक्ष चंदन सिंह समेत कई लोग थाने के सामने धरना दिए हुए हैं। इन लोगों का कहना है कि पुलिस ने झूठा आरोप लगाकर भाजपा कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया और उसकी पिटाई की। सांसद ने कहा कि पुलिस ने जिसे गिरफ्तार किया है, वह शराब नहीं पिए हुए था। डॉक्टरों द्वारा शराब पीने की पुष्टि के बिना उसे गिरफ्तार और पीटा गया। दरअसल, शुक्रवार को पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता शिव नारायण साव को सड़क जाम करने और शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

थाना बना है दलालों का अड्‌डा
इस दौरान भाजपा नेता काफी आक्रोशित थे। नेताओं ने कहा कि थाना दलालों का अड्‌डा बना हुआ है। कुछ पुलिस वालों के कारण सरकार की बदनामी हो रही है। ऐसे पुलिस वाले सिर्फ कमजोरों पर कार्रवाई करते हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि जब तक हमारे कार्यकर्ता को न्याय नहीं मिल जाता है, हम अपना आंदोलन जारी रखेंगे। नेताओं ने पुलिस पर वसूली का भी आरोप लगाया। इधर, भाजपा नेताओं के आरोपों को थानाध्यक्ष ने बेबुनियाद बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *