Covid-19 : आज मिले 11 मरीज, मुंगेर व बांका के बाद नालंदा व भोजपुर में मिले केस, बच्चे हो रहे संक्रमित

पटना : बिहार में शुक्रवार की दोपहर तीन बजे तक कोरोना के 11 नए मरीज मिले। सूबे में संक्रमितों की संख्या 182 हो गई है। दूसरे राउंड के सैंपल जांच की रिपोर्ट में नालंदा के तीन और भोजपुर के दो मरीज मिले। नालंदा में मिले पॉजिटिवों में 38 और 55 साल की दो महिलाएं और 28 साल का पुरुष है। जबकि भोजपुर में 6 साल की बच्ची और 60 साल की महिला पॉजिटिव पाई गई है। इससे पहले सुबह में मुंगेर में छह और बांका में एक पॉजिटिव केस पाया गया था। वहीं, गुरुवार को कुल 27 नए मरीज मिले थे। बता दें कि सूबे में सबसे अधिक मरीज मुंगेर में हैं। यहां 37 पॉजिटिव मिले हैं। दूसरे नंबर पर नालंदा जिला है, जहां 34 केस आए हैं। इसके बाद सीवान में 30, पटना में 24, बेगूसराय में 9, कैमूर में 8, भागलपुर में पांच और बांका में दो मरीज मिले हैं।

जमालपुर का सदर बाजार है वायरस का हॉट स्पॉट
मुंगेर के जमालपुर का सदर बाजार इलाका कोरोना का हॉट स्पॉट बन गया है। यहां अब तक 37 मरीज मिले हैं। अधिकांश लोगों में कोरोना का संक्रमण एक जमाती से फैला है। स्वास्थ्य विभाग के सचिव संजय कुमार के मुताबिक शुक्रवार की सुबह मुंगेर में जो मरीज मिले हैं, उनमें तीन पुरुष और तीन महिलाएं हैं। पुरुषों में एक 10 साल का बच्चा भी है। इसके अलावा 52 और 70 साल के पुरुष हैं। वहीं महिलाओं में सात साल की बच्ची, 18 साल की युवती और 48 साल की महिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *