पटना : देश में कोरोना मरीजों की संख्या में अब बेतहाशा वृद्धि हो रही है। पिछले एक महीने से लगातार हर दिन 15 हजार से अधिक मरीज मिले रहे हैं। बीते 24 घंटे में अब तक सबसे ज्यादा 40425 नए पॉजिटिव सामने आए हैं। जबकि 681 लोगों ने जान गंवा दी है। देश में कुल संक्रमितों की संख्या 11 लाख 18 हजार 43 हो गई है। वहीं, कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 27497 पहुंच गया है। आईसीएमआर के अनुसार 19 जुलाई को 2 लाख 56 हजार 39 टेस्ट हुए। बीते 24 घंटे में सबसे अधिक मरीज महाराष्ट्र में मिले। यहां 9518 नए केस आए। तमिलनाडु में 4979, कर्नाटक में 4120, पश्चिम बंगाल में 2278 और आंध्रप्रदेश में 5041 नए मरीज मिले हैं।
दुनिया में 1.45 करोड़ लोग हुए हैं संक्रमित
कोरोना वायरस से पूरी दुनिया में अब तक 1.45 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 6.6 लाख मरीजों की मौत हो चुकी है। जबकि 57 लाख 45 हजार संक्रमितों का इलाज चल रहा है। राहत की बात है कि 81 लाख 46 हजार लोग स्वस्थ भी हुए हैं। दुनिया में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा अमेरिका प्रभावित हुआ है। यहां मरीजों की संख्या 37.73 लाख पहुंच गई है। दूसरे नंबर पर ब्राजील है। यहां करीब 21 लाख लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। तीसरे नंबर पर भारत है।