Physiotherapist Dr Rajeev Kumar Singh and Khushbu Singh-Bihar Aaptak

पत्नी खुशबू सिंह के साथ मिलकर डाॅ राजीव कुमार सिंह ने जिम ट्रेनर को धमकाया था-अभी आकर मार देंगे…

पटना। शनिवार की सुबह-सुबह पटना में जिम ट्रेनर विक्रम सिंह पर हुई गोलबारी का मामला अब गहराता जा रहा है। फिजियोथेरेपिस्ट डाॅ राजीव कुमार सिंह व उनकी पत्नी खुशबू सिंह को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पूछताछ की, उसके बाद छोड़ भी दिया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लगभग ढाई महीने पहले अपनी पत्नी खुशबू के साथ डाॅ राजीव कुमार सिंह ने जिम ट्रेनर विक्रम सिंह को बहुत धमकाया था। फोन पर ही कहा था कि अभी आकर मार देंगे।

पटना के ‘स्टार प्रेमी’ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ राजीव कुमार सिंह व उनकी पत्नी खुशबू सिंह दोनों ने मिलकर विक्रम को बहुत कुछ बोला था। खुशबू ने तो गालियां भी दी थीं। डॉ राजीव सिंह ने कहा था कि ये दो मिनट का काम है मर्डर-फर्डर यार। जिम ट्रेनर विक्रम सिंह पर हुए जानलेवा हमला मामले में दैनिक भास्कर को 2 मिनट 9 सेकेंड का एक ऑडियो मिला है। खबर के अनुसार यह ऑडियो करीब ढाई महीने पुराना बताया गया है। इसी में दोनों पति-पत्नी व जिम ट्रेनर की बातें रिकाॅर्ड हैं। पटना के बोरिंग कैनाल रोड की एक डॉ. राजीव का साईं फिजियोथेरेपी सेंटर है। वे पेज थ्री वाली जमात के प्रमुख सदस्य रहे हैं। फिल्मी एक्टरों और दूसरे सेलेब्रेटी के साथ तस्वीरें खिंचवाने के बहुत बड़े शौकीन डॉ राजीव ने सत्ता के गलियारे में अपनी पकड़ बनाने के लिए सत्तारूढ जेडीयू का सहारा लिया था।

खबर के अनुसार इस ऑडियो में एक तरफ डॉ राजीव कुमार सिंह व उनकी पत्नी खुशबू सिंह, तो दूसरी तरफ जिम ट्रेनर विक्रम और उनका परिवार है। ऑडियो में खुशबू सिंह मर्दों की तरह बेधड़क गालियां दे रही हैं। ऑडियो की शुरुआत ही गाली-गलौज के साथ हो रही है। खुशबू सिंह जिम ट्रेनर और उनकी मां-पिता के बारे में गंदी बातें कह रही हैं। बीच में डॉ राजीव अपनी पत्नी को रोकने की कोशिश करते हैं। गाली-गलौज नहीं करना है। फिर भी खुशबू सिंह रूक नहीं रही हैं। फोन पर वो लगातार अपशब्दों का इस्तेमाल करती चली गईं। इतना तक कह गईं कि… हमको नहीं जानता है, गोलिये मरवा देंगे। तभी राजीव की आवाज आती है साहब कह रहे हैं कि… अभी नहीं पड़े थे इन सब चीजों में, अगर पड़ जाऊंगा तो बड़ी दिक्कत हो जाएगी।

जिम ट्रेनर विक्रम सिंह के करीबियों के अनुसार डाॅ राजीव कुमार सिंह की पत्नी खुशबू सिंह अशोक राजपथ पर पटना मार्केट के द जिम सिटी पहुंच जाया करती थीं। विक्रम को बदनाम करने की हर कोशिश उनकी तरफ से की जाती थी।

Physiotherapist Dr. Rajeev Kumar Singh with wife Khushbu Singh (File)

सूत्रों की मानें तो दोनों के बीच तीन साल से दोस्ती और जान-पहचान थी। घायल जिम ट्रेनर विक्रम सिंह से जुड़े लोगों का दावा है कि खुशबू सिंह कई तरह से उसे परेशान करती थीं। उसे मेंटली टॉर्चर करती थीं। इसे परेशान करने के लिए उन्होंने सोशल मीडिया पर फर्जी नाम और फेक आईडी का सहारा भी लिया। इसके जरिए कमेंट में हमेशा गंदी बातें लिखती थीं। अपशब्द कहे जाते थे।

बता दें कि इस गोलीकांड से पहले भी विक्रम के ऊपर कुछ महीने पहले एक जानलेवा हमला हुआ था। उसके ऊपर ब्लेड से वार किया गया था। इस कारण कंधे के पास का हिस्सा काफी कट गया था, तब 14 टांके लगे थे। करीबियों की मानें तो उस घटना के दौरान विक्रम कुछ बोल नहीं रहा था, लेकिन जब एक दिन अचानक खुशबू उसके घर आई और हंगामा करने लगी, तब जाकर विक्रम ने अपनी चुप्पी तोड़ी। फिर बताया कि खुशबू ने ही उसके शरीर पर ब्लेड से वार किया था। उसे जान से मारने की कोशिश की थी।

इधर, घायल विक्रम की हालत अभी भी गंभीर है। गोली की वजह से उसकी आंत फट गई है। डॉक्टर लगातार उसके हालात पर नजर बनाए हुए हैं। पटना पुलिस की टीम इस कांड की जांच में लगातार जुटी हुई है। पुलिस ने रविवार को भी तीन संदिग्धों को अपने कब्जे में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। शायद इनका कनेक्शन पर्दे के पीछे से खेल खेलने वालों से हो। विक्रम और उसके परिवार का इशारा शुरुआत से ही राजीव कुमार सिंह और उनकी पत्नी खुशबू सिंह की तरफ है।

Dr Rajeev Kumar Singh and Khushboo Singh-Bihar Aaptak
पत्नी खुशबू सिंह के साथ डॉ राजीव कुमार सिंह (फाइल फोटो)। इनसेट में जिम ट्रेनर विक्रम सिंह।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *