Mayor Patna-Patna Nagar Nigam-Bihar Aaptak

पटना नगर निगम में कूड़े के अलग-अलग उठाव के लिए स्लमवासियों को दिया जाएगा डस्टबिन

पटना। महापौर सीता साहू की अध्यक्षता में सोमवार को पटना नगर निगम पर्षद की 23वीं साधारण बैठक आयोजित की गई। नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा, नगर निगम पदाधिकारी एवं पार्षदों की मौजूदगी में विभिन्न योजनाओं को स्वीकृति दी गई।

  1. शहर में शौचालय की स्थिति को बेहतर और सुचारू रूप से चलाने के लिए पटना नगर निगम क्षेत्र में अवस्थित 87 डीलक्स एवं अन्य शौचालय को निविदा के माध्यम से संचालन एवं रखरखाव करने की स्वीकृति दी गई।
  2. पटना नगर निगम द्वारा कचरा प्रबंधन SWM के तहत शुल्क दरों को मंजूरी दी गई।
  3. वार्ड संख्या – 8 के अन्तगर्त राजवंशी नगर संप हाउस से एल.बी.डब्लू स्टेडियम रोड में आर. सी.सी नाला के निर्माण पर व्यय होने वाली राशि 1,72,42,100 को स्वीकृत किया गया।
  4. वार्ड संख्या 20 के अंर्तगत आर.सी.सी ड्रेन राजवंशी नगर रोड नंबर–1 से मोहनपुर तक नाला निर्माण पर व्यय होने वाली राशि 1,86,63,700 को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।
  5. वार्ड संख्या 22 के अंतर्गत अटल पथ के पीछे ए.एन कॉलेज चारदिवारी से बोरिंग रोड तक आर.सी.सी ड्रेन निर्माण पर व्यय होने वाली राशि 01,27,68,900 को स्थाई समिति द्वारा प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।
  6. वायु की गुणवत्ता की सुधार के लिए 15वें वित्त आयोग के अनुशंसा के अनुसार नगर निगम को प्राप्त राशि को वितरित किया जाएगा। ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट, पटना पार्क डिवीजन एवं फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के साथ मिलकर पटना में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए पटना नगर निगम सम्मिलित रूप से योजना बना कर काम करेगा। माननीय पार्षदों द्वारा इसको स्वीकृति दी गई।
  7. छोटे छोटे नालों की उड़ाही के लिए 06 Mini Excavator Machine क्रय करने के लिए माननीय पार्षदो की स्वीकृति ली गई।
  8. पटना नगर निगम के रामाचक बैरिया में स्थित डंपिंग यार्ड में कूड़ा डंपिंग के लिए नीचे ट्रीटमेंट प्लांट का अधिष्ठापन किया जाएगा। रामाचक बैरिया नगर निगम की 35 से 40 एकड़ भूमि पर वर्षो से जमा हुई लीगेसी वेस्ट से निकलने वाले लीचेट को ट्रीटमेंट कर बादशाही नाले में डाला जाएगा। लीचेट को ट्रीटमेंट करने के लिए नगर निगम द्वारा प्लांट लगाया जाएगा।
  9. पटना नगर निगम द्वारा 75 वार्डों के डोर टू डोर कचरा संग्रहण के पश्चात उसे एकत्रित करने के लिए 4 जगहों पर सेकेंडरी ट्रांसफर स्टेशन बनाने की स्वीकृति दी गई।
  10. पटना नगर निगम रामाचक बैरिया में दो अदर पशु शवदाह गृह बनाने के प्रस्ताव को पार्षदों द्वारा स्वीकृत किया गया ।
  11. पटना नगर निगम क्षेत्र में रोड की सफाई एवं धुलाई के लिए बड़ी स्वीपिंग मशीन की खरीद की जाएगी। यह मशीन आम स्वीपिंग मशीन से अलग होगी। यह ना सिर्फ धूल कण की सफाई करेगी बल्कि रास्ते में आने वाले कचरे, प्लास्टिक, घासफूस और कीचर को भी साफ करेगी।
  12. वार्ड संख्या – 2 में रोड एवं नाला निर्माण की योजना को स्वीकृति दी गई।
  13. पटना नगर निगम में कूड़े के अलग-अलग उठाव के लिए स्लम निवासियों को डस्टबिन दिया जाएगा। कुल 29241 जोड़ी (नीला एवं हरा) डस्टबिन क्रय करने एवं स्लम में उसे बांटने पर स्वीकृति दी गई।
सोमवार को पटना नगर निगम पर्षद की 23वीं साधारण बैठक में मौजूद पार्षद।

कचरा प्रबंधन SWM के तहत शुल्क दरों को मंजूरी

  • नगर निगम द्वारा यह तय किया गया है कि संपत्ति शुल्क एवं कचरा शुल्क का समायोजन नहीं किया जाएगा।
  • ठोस कचरा शुल्क का भुगतान 3 महीने 6 महीने एवं 1 वर्ष के आधार पर कर सकते हैं
  • लॉकडाउन की अवधि में व्यवसायिक दुकान एवं प्रतिष्ठान जो बंद रहे हैं, उनसे ठोस कचरा शुल्क की वसूली नहीं किया जाएगा।
  • वैसे प्रतिष्ठान जो गीले कचरे की प्रोसेसिंग स्वयं करते हैं उन्हें शुल्क पर 50% का छूट देने का निर्णय लिया गया है।
  • ठोस कचरा शुल्क भवन मालिक एवं किरायेदारों से अलग-अलग लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *