VIP Chief Mukesh Sahni Father Jitan Sahni Murder Mystery

‘वो तीन गिलास’ खोलेगा मुकेश सहनी के पिता की हत्या का राज! दो को बिहार पुलिस ने उठाया

पटना। विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की बिहार के दरभंगा में हत्या कर दी गई। अपराधियों ने उनके ही घर के अंदर घुसकर इस घटना को अंजाम दिया है। हत्या किसने और किस मकसद से की है, इसका अभी पता नहीं चला है। हालांकि घटनास्थल से कई ऐसी चीजें बरामद हुई हैं, जिससे हत्या का राज खुल सकता है। ADG पुलिस मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार ने भी हत्यारे को जल्द पकड़ने का वादा किया है।

ADG पुलिस मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार ने कहा कि CCTV फुटेज के अवलोकन के बाद 2 संदिग्ध को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। सभी बिंदुओं पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ जांच की जा रही है।

दरभंगा के एसएसपी जितेंद्र राकेश कुमार सहित डीआईजी बाबुराम ने कहा कि मुकेश सहनी के पिता की हत्या मामले में पुलिस महत्वपूर्ण सुरागों तक पहुंच गई है। उन्होंने दावा किया कि अगले 6-8 घंटे के अंदर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें कि महागठबंधन के घटक दल वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी को अपने पिता की हत्या की जानकारी दूसरों से मिली। वह मुंबई स्थित अपने कार्यस्थल पर थे, जहां उन्हें कॉल पर इसकी सूचना दी गई।

घटना से आहत मुकेश सहनी मुंबई से दरभंगा के लिए निकल चुके हैं। वीआईपी के वरीय नेता देव ज्योति ने बताया कि कुछ देर पहले हमलोगों को जानकारी मिली है। कुछ समझ में नहीं आ रहा है कि कैसे क्या हो गया है। हमारे नेता मुकेश सहनी काफी आहत हैं। वह मुंबई से दरभंगा के लिए निकल चुके हैं। दरभंगा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची है।

घटनास्थल पर पहुंचे एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी सहित बिरौल थाना की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। डीएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला है। मृतक जीतन सहनी अपने घर मे सो रहे थे इस दौरान चोरी की नीयत से घर में घुसे अपराधियों ने विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। पूर्व मंत्री मुकेश सहनी दो भाई और एक बहन हैं। मुकेश साहनी और उनके भाई संतोष सहनी बाहर रहते हैं। उनकी बहन की शादी हो चुकी है और वह अपनी ससुराल मुंबई में रहती हैं। घटना के वक्त घर में मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी अकेले ही थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *