पटना : मनेर में वोटरों के बीच पैसे बांटने को लेकर दो प्रत्याशियों में कई राउंड फायरिंग हुई। इसमें दो लोगों को गोली लगी है। दानापुर के निजी अस्पताल में इनका इलाज चल रहा है। घटना खासपुर की है, जहां शुक्रवार की रात एक प्रत्याशी द्वारा वोटरों में पैसा बांटा जा रहा था। सूचना पर पहुंचे दूसरे प्रत्याशियों ने जब उसे रोका तो कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि पहले मारपीट और फिर दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। इसमें दो लोगों को गोली लगी है। घायलों को अस्पताल में इलाज चल रहा है। ग्रामीणों की सूचना पर घटनास्थल पर दानापुर एएसपी और मनेर पुलिस पहुंचे। हालांकि तब तक गोलीबारी करने वाले फरार हो गए थे। दानापुर एएसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि गोलीबारी कांड की जांच चल रही है। गोलीबारी करने वाले लोगों का पता चलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
2021-12-11