पटना : शिवहर में जिला परिषद अध्यक्ष बनने की खुशी में जनप्रतिनिधि कानून को भूल गए। विजय जुलूस में ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिसमें महिला समेत 3 लोग घायल हो गए। घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल महिला की स्थित नाजुक है। दरअसल, जिला परिषद अध्यक्ष पद पर विजय कुमार सिंह की जीत हुई है। ये निर्विरोध चुनाव जीत गए। ऐसे में इनके द्वारा विजय जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान वहां से गुजर रही महिला समेत 3 लोगों को गोली लग गई। फतहपुर निवासी रंभा देवी, उनका नाती ओमप्रकाश घायल हैं। एक अन्य व्यक्ति को गोली लगी है।
घटनास्थल से तीन खोखे हुए बरामद
तीन लोगों को गोली लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। यहां पुलिस ने तीन खोखे बरामद किए हैं। एसडीओ मो. इश्तियाक अली अंसारी ने बताया कि घायलों का बयान दर्ज करने की कोशिश की जा रही है। जैसे उनकी स्थिति सामान्य होगी, उनका बयान दर्ज कर लिया जाएगा। वहीं, पूरे मामले की जांच पुलिस अपने स्तर से कर रही है। फायरिंग करने वाले की पहचान होने के बाद उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।