ओमिक्रॉन से हुई पहली मौत, बुखार-खांसी से था ग्रसित

पटना : कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से देश में पहली मौत हो चुकी है। 31 दिसंबर को ही राजस्थान के उदयपुर में बुजुर्ग ने अस्पताल में दम तोड़ा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि मरीज की जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट पॉजिटिव थी। मंत्रालय ने बुधवार को अपनी रिपोर्ट में इसका जिक्र किया है। उदयपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि ओमिक्रॉन से मरने वाला व्यक्ति सुगर, हाई ब्लड प्रेशर, हाईपोथायराइडिज्म का मरीज था। 15 दिसंबर को पॉजिटिव निकला था। उसे बुखार, खांसी और राइनिइटिस थे। वह अस्पताल में भर्ती थे। 21 दिसंबर और 25 दिसंबर को रिपोर्ट निगेटिव आ गई थी।

दुनिया में ओमिक्रॉन से अब तक 108 मौतें
दुनिया में ओमिक्रॉन से 108 लोगों की मौत हुई है। भारत में यह पहली मौत है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि ओमिक्रॉन संक्रमण में 6.3 गुना वृद्धि हुई है। कुल 2135 मरीज हैं। सबसे अधिक महाराष्ट्र और दिल्ली में ओमिक्रॉन के केस मिले हैं। बताया कि कोरोना संक्रमण में महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, झारखंड और गुजरात की स्थिति चिंताजनक है।

ओडिशा में एक फरवरी तक स्कूल-कॉलेज बंद
ओडिशा सरकार ने सात जनवरी से एक फरवरी तक स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए हैं। 10वीं और 12वीं की ऑनलाइन पढ़ाई होगी। सुबह 5 से रात 9 बजे तक ही बाजार, दुकान, शॉपिंग मॉल खुलेंगे। यहां भीड़ इकट्‌ठा होने पर कार्रवाई होगी। शादी व अन्य आयोजन में 100 लोग ही जुटेंगे। पार्क, पर्यटन स्थल बंद रहेंगे।

राज्य में मिले 1216 नए मरीज
ओडिशा में बुधवार को कोरोना के 1216 नए केस आए। पांच महीनों में यह सबसे अधिक है। खुर्दा में दो मरीजों की मौत गई। कुल 8466 लोगों की जान गई है। नए 1216 मरीजों में 187 बच्चे हैं।

देश में 24 घंटे में 58097 नए पॉजिटिव
बुधवार को देश में कोरोना के 58097 नए केस आए। 534 की मौत हुई है। एक्टिव मरीज 2 लाख 14 हजार 4 हो गए हैं। कुल मौतें 4 लाख 82 हजार 551 पहुंच गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *