शादी के फेरे लेते समय ही घुसा बाढ़ का पानी, ऐसे हुई दूल्हा-दुल्हन की विदाई

पटना : बिहार के कई जिलों में बाढ़ ने दस्तक दे दी है। कई नदियां उफान पर हैं और रातोंरात गांवों में घुस जा रही हैं। ऐसा ही एक दिलचस्प वाक्या सारण में हुआ। यहां एक शादी समारोह के दौरान दूल्हा और दुल्हन सात फेरे ले रहे थे, तभी बाढ़ का पानी गांव में घुस गया। घटना सारण के सगुनी-रामपुररुद्र गांव में गुरुवार की शाम बारात आई थी। अचानक रात में गंडक नदी का पानी फैलने से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। शुक्रवार की सुबह नाव से दूल्हा और दुल्हन की विदाई की गई। दरअसल, गांव में दिलीप सहनी की बेटी की शादी थी। मशरक के चैनपुर चरिहारा से बारात आई थी। सब कुछ ठीक था। बारात खाना खा चुकी थी। रात में खाना खाने के बाद आधी बारात लौट गई थी, लेकिन आधी रात को गंडक का जलस्तर बढ़ा और पानी गांव में घुस गया। शादी के रस्म अदायगी के दौरान बाढ़ आने से अफरा-तफरी मच गई। जल्दी से सभी रस्म को निपटाया गया। अगली सुबह गाड़ी निकालने की स्थिति नहीं थी तो नाव से बारातियों और दूल्हा-दुल्हन को विदाई दी गई।

सुरक्षित अपने घर पहुंचे दूल्हा-दुल्हन
बाढ़ की स्थिति में नाव पर दूल्हा और दुल्हन की विदाई होने से दोनों परिवार वालों के अलावा पूरा गांव चिंतित था। हालांकि दूल्हा-दुल्हन के साथ बारात भी सुरक्षित अपने गंतव्य स्थान पहुंच गई। ग्रामीणों ने बताया कि हम सबके लिए शादी के दौरान बाढ़ पहली घटना थी। ऐसे तो हर साल हमलोग बाढ़ का दंश झेलते हैं पर शादी की रस्म अदायगी के दौरान पूरे गांव में बाढ़ का पानी घुसना यह पहली घटना है। ग्रामीणों ने भगवान का शुक्रियादा किया कि जल्दी-जल्दी दूल्हा और दुल्हन के रस्म पूरी कराकर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचा दिया गया।

बिहार में आज भारी बारिश और वज्रपात की भी आशंका
सूबे में शनिवार को भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने वज्रपात की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने पूरे राज्य में 21 जून तक के लिए ब्लू अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड से सटे भागों में हवा का दबाव कम है। यह सतह से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर है। पूर्वी उत्तरप्रदेश और उसके आसपास के क्षेत्रों में चक्रवात बना है। इससे पहले शुक्रवार को भी कई जिलों में भीषण बारिश हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *