पटना। गांधी जयंती के अवसर पर पटना स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में ‘नीतीश संवाद’ के तहत आयोजित ‘जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने जीविका दीदियों की उपलब्धियों और महिला सशक्तिकरण में जीविका की भूमिका की सराहना की। कार्यक्रम में उन्होंने जीविका की दो दशक लंबी यात्रा और इसके जरिए ग्रामीण महिलाओं में आए सामाजिक एवं आर्थिक बदलावों को रेखांकित किया।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि महात्मा गांधी का सपना ऐसे भारत का था, जहां विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और महिलाओं को सम्मान व समान अवसर मिले। जीविका इसी सोच को साकार करते हुए बिहार की महिलाओं के आत्मविश्वास, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता की मजबूत कहानी बन चुकी है।
जीविका के 20 वर्षों की यात्रा हमें यह बताती है कि महिलाओं को मेहनत और हुनर का अवसर दिया जाए, तो वे न केवल अपने परिवार, बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में वर्ष 2006 में शुरू हुई जीविका ने पिछले 20 वर्षों में ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज करीब 2 करोड़ जीविका दीदियाँ स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार, उद्यमिता, कृषि, पशुपालन और अन्य गतिविधियों के माध्यम से अपने परिवार के साथ-साथ बिहार की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत कर रही हैं।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार ने 20 वर्ष पहले जिस जीविका की शुरुआत एक छोटे पौधे के रूप में की थी, वह आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुकी है। इसकी छांव में एक करोड़़ 88 लाख से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भरता की अपनी कहानी लिख रही हैं। नीतीश कुमार की दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी सोच के कारण महिलाओं के जीवन में इतना बड़ा सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन आया है।
निशांत ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण और जीविका के माध्यम से जिस सोच एवं व्यवस्था की मजबूत नींव रखी गई है, उसे आगे और व्यापक बनाने का प्रयास किया जाएगा। लक्ष्य है कि बिहार की अधिक से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भर बनें और प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत के साथ उनके पिता, पूर्व मुख्यमंत्री एवं जद(यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार तथा पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा भी मौजूद रहे। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में जीविका दीदियाँ उपस्थित रहीं।












