दुनिया में कोरोना जांच में भारत अव्वल; राज्यों में बंगाल पीछे, अन्य राज्यों का यह रहा आंकड़ा

पटना : दुनिया भर में कोरोना जांच में भारत सबसे अव्वल है। बीते 24 घंटे में देश में रिकॉर्ड 20 लाख 55 हजार 10 लोगों की कोरोना जांच हुई। एक दिन में इतने लोगों की जांच किसी दूसरे देश में अब तक नहीं की गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पूरे देश में अब तक 32 करोड़ 23 लाख 56 हजार 187 सैंपल की जांच हुई है। मंगलवार को भी रिकॉर्ड 20 लाख 8 हजार 296 सैंपल जांच हुई। उससे पहले 11 मई को 19 लाख 83 हजार 804 लोगों की कोरोना जांच हुई थी। आईसीएमआर के महानिदेश डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि इस महीने के अंत तक 25 लाख जांच और जून के अंत तक 45 लाख जांच करनी है।

आबादी के अनुसार दिल्ली में सबसे ज्यादा जांच
राज्यों की आबादी के अनुसार दिल्ली में सबसे अधिक लोगों की कोरोना जांच हुई है। यहां की आबादी 2.2 करोड़ है। इनमें 1.8 करोड़ लोगों की जांच हुई है। इसका मतलब है कि 81.81 प्रतिशत लोगों की जांच हो चुकी है। दूसरे नंबर पर कर्नाटक है, जहां की आबादी 6.6 करोड़ है। इसमें 2.8 करोड़ जांच हुई है। यानी जांच की दर 42.42 प्रतिशत है। उत्तरप्रदेश की आबादी 22.5 करोड़ है। इनमें 4.6 करोड़ लोगों की जांच हुई है। मतलब 20.44 प्रतिशत लोग जांच करा चुके हैं। महाराष्ट्र में 26.22 प्रतिशत लोगों की जांच की जा चुकी है। बिहार में 2.8 करोड़ सैंपल की जांच हुई है।

सबसे ज्यादा एक्टिव मरीज इन 15 शहरों में
देश के 15 शहरों में कोरोना के सबसे ज्यादा एक्टिव मरीज हैं। यहां गुरुवार को 42832 नए मरीज मिले। पहले इन 15 शहरों में हर दिन 1.12 लाख नए मरीज मिल रहे थे। अब यहां नए मरीजों की संख्या में 62 प्रतिशत की कमी आई है। बता दें बेंगलुरू में सबसे ज्यादा एक्टिव मरीज हैं। यहां 3.23 लाख एक्टिव मरीज हैं। दूसरे नंबर पर पुणे है। यहां 67 हजार एक्टिव मरीज हैं। तीसरे नंबर पर चेन्नई है, जहां 48 हजार एक्टिव केस हैं। चौथे नंबर पर दिल्ली है। यहां 45 हजार एक्टिव मरीज हैं। इसी तरह जयपुर में 32 हजार, मुंबई में 29 हजार, ठाने में 28 हजार, नागपुर में 23 हजार, देहरादून में 23 हजार, इंदौर में 12 हजार, भोपाल में 12 हजार, पटना में 8570 हजार, लखनऊ में 7917, चंडीगढ़ में 6570, कानपुर में 2766 एक्टिव मरीज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *