कभी बेटे के खिलाफ जगदानंद ने किया था चुनाव प्रचार, इस बार राजद से ही बनाया प्रत्याशी

पटना: विधानसभा चुनाव को लेकर राजद ने अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी द्वारा जारी उम्मीदवारों के नाम एक खास नाम है- सुधाकर सिंह। ‘सुधाकर’ राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे हैं। इस बार राजद ने इन्हें कैमूर जिले के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से अपना प्रत्याशी घोषित किया है। जबकि 2010 के विधानसभा चुनाव में जगदानंद सिंह ने परिवारवाद का विरोध करते हुए राजद से अपने बेटे को टिकट नहीं लेने दिया था। तब पिता से नाराज होकर सुधाकर बीजेपी में शामिल हो गए थे। सुधाकर बीजेपी से रामगढ़ सीट पर चुनाव लड़े। इस दौरान जगदानंद सिंह ने अपने बेटे को छोड़कर राजद प्रत्याशी अंबिका यादव के पक्ष में चुनाव प्रचार किया था। लोगों से वोट मांगे थे। नतीजतन, सुधाकर सिंह हार गए थे। बता दें रामगढ़ सीट से जगदानंद सिंह कई बार विधायक रह चुके हैं और 2010 के विस चुनाव से पहले वह बक्सर से सांसद बन गए थे। इस कारण यहां से उनके बेटे सीट चाह रहे थे।

राजद के इन नेताओं के भी बेटे-बेटियों को मिला टिकट
राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के अलावा पार्टी के दूसरे वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी के बेटे राहुल तिवारी को भी टिकट मिला है। राहुल भोजपुर जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। इतना ही नहीं राजद नेता और पूर्व सांसद जयप्रकाश यादव की बेटी दिव्या प्रकाश भी चुनाव लड़ेंगी। राजद ने दिव्या को जमुई के तारापुर से प्रत्याशी घोषित किया है। राजद नेता कांति सिंह के बेटे ऋषि सिंह इस बार भी औरंगाबाद के ओबरा विधानसभा क्षेत्र से राजद उम्मीदवार होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *