लोजपा सांसद ने तेजस्वी को दिया आमंत्रण, कल जारी होगा पार्टी का घोषणा पत्र

पटना : लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के भाई और सांसद प्रिंस राज मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मिले। प्रिंस ने तेजस्वी को अपने चाचा दिवंगत रामविलास पासवान के ब्रह्म भोज में आने का आमंत्रण दिया। हालांकि इस मुलाकात को राजनीतिक मायने में भी देखा जा रहा है, क्योंकि लोजपा के लाख कहने के बावजूद भाजपा लगातार खुद को उससे अलग बता रही है। साथ ही लोजपा को यह हिदायत दे रही है कि वह प्रधानमंत्री या भाजपा के शीर्ष नेताओं का नाम लेकर भ्रम न फैले। इधर, चिराग पासवान लगातार नीतीश कुमार के खिलाफ हमलावर हैं। वह किसी हाल में नीतीश को मुख्यमंत्री नहीं बनने की बात कह रहे हैं और अब तेजस्वी से प्रिंस की मुलाकात राजनीतिक मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान बुधवार को अपनी पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र जारी करेंगे।

तेजस्वी प्रचार पर निकले रहे थे, तभी पहुंचे प्रिंस
राजधानी पटना स्थित राबड़ी आवास से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव चुनाव प्रचार के लिए निकल रहे थे। तभी प्रिंस पासवान राबड़ी आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने तेजस्वी को ब्रह्मभोज में आने का न्योता दिया। बता दें चिराग पासवान के पिता रामविलास पासवान का आठ अक्टूबर को दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। उससे पहले उनके हार्ट की दो सर्जरी हुई थी, जो कामयाब रही थी, लेकिन फिर अचानक उनके निधन की दुखद खबर आई। सोमवार को उनके पैतृक गांव खगड़िया के कोसी नदी में रामविलास की अस्थियां विसर्जित की गईं। इस दौरान चिराग ने अपनी बड़ी मां यानी रामविलास की पहली पत्नी से भी आशीर्वाद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *