पटना। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय रेड रन 4.0-2026 की मेजबानी बिहार करेगा। इसके तहत बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति की ओर से 03 नवंबर को पटना के गांधी मैदान में सुबह 5 बजे से 10 किलोमीटर की राष्ट्रीय रेड रन दौड़ आयोजित की जाएगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को एचआइवी के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और एचआइवी से जुड़े सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने का संदेश देना है।
बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के अधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने और जागरूकता के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए लगभग 1,000 प्रतिभागियों की सहभागिता से 2 किलोमीटर का वॉकथॉन भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 250 युवा प्रतिभागियों, नोडल पदाधिकारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है।
राष्ट्रीय रेड रन एवं वॉकथॉन की शुरुआत गांधी मैदान से होगी। प्रतिभागी जेपी गंगा पथ पर गंगा नदी की ओर वाले लेन से गुजरते हुए पुनः गांधी मैदान पहुंचेंगे। आयोजन का समापन गांधी मैदान स्थित मुख्य मंच के समीप होगा।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने आमजन एवं युवाओं से इस जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एचआइवी के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच एवं उपचार के लिए लोगों को प्रेरित करना एवं इससे प्रभावित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव समाप्त करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन युवाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे इस अभियान से जुड़कर स्वस्थ, जागरूक एवं भेदभाव-मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।












