नीतीश कैबिनेट में सबसे अधिक मिथिलांचल से मंत्री, शेष क्षेत्र की भी जानें भागीदारी

पटना : बिहार में नई सरकार बन चुकी है। नीतीश कुमार ने सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ 15 मंत्रियों ने अपने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस नए मंत्रिमंडल में सबसे अधिक मिथिलांचल को जगह मिली है। दरभंगा से तीन और मधुबनी से दो नेताओं को मंत्री बनाया गया है। कुल 5 मंत्री मिथिलांचल के हैं। जबकि मगध क्षेत्र के दो मंत्री। मिथिलांचल से मंत्री बनने वालों में विजय कुमार चौधरी, शीला मंडल, रामप्रीत पासवान, जीवेश कुमार और मुकेश साहनी हैं। मगध क्षेत्र से अशोक चौधरी और संतोष सुमन को मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा सीमांचल से तारकिशोर प्रसाद को उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। कोशी से विजेंद्र यादव को मंत्री बनाए गए हैं।

अंग से मेवालाल चौधरी व सारण से मंगल पांडेय
मिथिलांचल और मगध के अलावा अंग क्षेत्र से मेवालाल चौधरी को मंत्री बनाया गया है। इन्होंने मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा से चुनाव जीता है। वहीं, सारण से मंगल पांडेय को मंत्री बनाया गया है। पूर्व में भी एनडीए सरकार में मंत्री रहे हैं। चंपारण से रेणु देवी उप मुख्यमंत्री बनाई गईं हैं।

नीतीश के नए मंत्री पर विपक्ष हुआ हावी
नीतीश कुमार के नए मंत्रिमंडल में शामिल डॉ. मेवालाल चौधरी को लेकर सरकार की किरकिरी शुरू हो गई है। विपक्ष ने शपथ ग्रहण समारोह के बाद ही सरकार पर हमला बोला और कहा कि एक भ्रष्टाचारी और घोटाले के आरोपी को सरकार मंत्रिमंडल में शामिल की है। हालांकि इस पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने सफाई दी और कहा कि एनडीए की सरकार में भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति लागू रहेगी। बता दें तारापुर विधायक मेवालाल चौधरी पर भागलपुर के सबौर कृषि विश्वविद्यालय में भर्ती घोटाले का आरोप है। जिसकी जांच भागलपुर एसडीए कोर्ट में चल रही है।

बीजेपी जिलाध्यक्षों को मिली इनोवा कार
बिहार चुनाव में जीत से खुश होकर भाजपा अपने सभी जिलाध्यक्षों को इनोवा कार देगी। बता दें अब बंगाल और फिर तमिलनाडु में चुनाव में होना है। ऐसे में अपने कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने के लिए पार्टी गिफ्ट में कार दे रही है। सोमवार को शपथ ग्रहण समारोह से पूर्व पटना भाजपा कार्यालय में गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने कार्यकर्ताओं से बात की थी और उन्हें पार्टी को और मजबूत बनाने को कहा था। ऐसे में पार्टी को धारदार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

देवेंद्र फडणवीस बोले-सुमो को मिलेगी नई जिम्मेदारी
बिहार चुनाव में जीत के बाद सुशील मोदी को किनारे किए जाने पर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने बड़ा बयान दिया है। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पार्टी की उन पर नजर और उन्हें भाजपा एक बड़ी जिम्मेदारी देगी। सुशील मोदी बहुत पुराने और सक्रिय नेता हैं, इसलिए पार्टी उनको भूल जाए यह संभव ही नहीं है।

भाजपा ने कांग्रेस पर बोला हमला
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश विरोधी बयानों के साथ है। इन्होंने राहुल गांधी पर आतंकवादियों की भाषा बोलने का आरोप लगाया है। संजय ने धारा 370 हटाए जाने पर राहुल के बयानों का हवाला दिया और कहा कि इनकी भाषा दुश्मनों के भाषा से मिलती-जुलती है। संजय ने यह भी कहा कि राहुल के यह नई बात नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *