कोरोना का नया वैरिएंट आया, दक्षिण अफ्रीका में मिला मरीज

पटना : कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के बीच वायरस का नया वैरिएंट आ गया है। दक्षिण अफ्रीका में कोरोना का नया वैरिएंट मिला है। यह वैरिएंट सी. 1.2 है। इस वैरिएंट की पहचान वैरिएंट ऑफ इंटरेस्ट (वीओआई) के रूप में हुई है। इसे पैंगो वंश से जुड़ा जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका के नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर कम्युनिकेबल डिजीजेज और क्वाजुलु-नैटल रिसर्च इनोवेशन एंड सीक्वेंसिंग प्लेटफॉर्म के शोधकर्ताओं ने कहा कि सी. 1.2 की जानकारी सबसे पहले वहां कोरोना की तीसरी लहर के बीच इसी साल मई में हुई थी। मई के बाद यह वैरिएंट दक्षिण अफ्रीका के ज्यादातर राज्यों में मिला है। कोरोना वायरस का सी.1.2 वैरिएंट दक्षिण अफ्रीका के अलावा सात देशों में मिला है। इनमें अफ्रीका, यूरोप, एशिया और ओशिनिया के भी देश शामिल हैं। शोधकर्ताओं ने कहा कि इसे प्री-प्रिंट मेडरआरएक्सआईवी सर्वर पर पोस्ट किया गया है। यह वैरिएंट सी.1 से विकसित हुआ है। सी.1 दक्षिण अफ्रीका में पहली लहर के लिए जिम्मेदार था। यह वैरिएंट इस साल के अंत तक यहां मिला था।

बहुत अधिक म्यूटेट हो गया है सी.1.2 वैरिएंट
शोधकर्ताओं का कहना है कि कोरोना वायरस का नया वैरिएंट सी.1.2 बहुत अधिक म्यूटेट हो चुका है। शोध के मुताबिक सी.1.2 में हर साल 41.8 म्यूटेशन होते हैं। जो वैश्विक दर से 1.7 गुना तेज है। सी.1.2 में पहचाने गए 52 प्रतिशत स्पाइक म्यूटेशन को पहले बाकी वैरिएंट ऑफ कंसर्न और वैरिएंट ऑफ इंटरेस्ट में देखा गया है। शोधकर्ताओं ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में मासिक आधार पर सी.1.2 जीनोम की संख्या में इजाफ हो रहा है। मई में यह 0.2 प्रतिशत था। जून में बढ़कर 1.6 प्रतिशत और जुलाई में 2.6 प्रतिशत हो गया है। शोधकर्ताओं ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका में बीटा और डेल्टा में शुरुआती पहचान के दौरान मिले इजाफा के समान है। यह भी बताया कि 20 अगस्त तक 80 सीक्वेंस सी.1.2 वंश से मेल खा चुके हैं।

भारत में डेल्टा का नया उप-वंश मिला
भारत में कोरोना के डेल्टा वैरिएंट के नए उप-वंश एवाई.12 की सूचना मिली है। इसे हाल में इजराइल में पाया गया था। इसके बाद भारत में पूर्व में मिले डेल्टा वैरिएंट के कई केस को अब एवाई.12 के रूप में चिह्नित किया जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय
ने सोमवार की सुबह कोरोना संक्रमण के नए आंकड़े जारी किए हैं। इसके मुताबिक देश में बीते 24 घंटे में 42909 नए मरीज मिले हैं। फिलहाल कोरोना के 3.77 लाख मरीज एक्टिव हैं। वहीं, रिकवरी रेट 97.51 प्रतिशत है। हर दिन की पॉजिटिविटी रेट 3.02 प्रतिशत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *