बिहार में नाइट कर्फ्यू: भीड़ वाली जगहें रहेंगी बंद, आवश्यक चीजों पर प्रतिबंध नहीं

पटना : बिहार में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरकार ने नाइट कर्फ्यू लगाने का निर्णय लिया है। अब रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। दूसरी ओर मॉल, पार्क, जिम, स्वीमिंग पूल और सिनेमा हॉल बंद रहेंगे। पहले की तरह शिक्षण संस्थाएं और धर्म स्थल बंद रहेंगे। सरकार ने इन्हें 15 मई तक बंद रखने का आदेश दिया है। 15 मई तक सभी परीक्षाएं रद्द रहेंगी। सरकार ने दुकानों, सब्जी मंडियों और बाजार के खुले रहने का समय एक घंटे घटा दिया है। अब ये सभी शाम 7 बजे तक ही खुलेंगी। इसके साथ ही सरकारी और निजी कार्यालय शाम 5 बजे तक खुलेंगे। रेस्तरां और ढाबा सिर्फ होम डिलिवरी करेंगे, वो भी रात 9 बजे तक। शादी और श्राद्ध कर्म में 100 लोग के शामिल होने की अनुमति होगी। दाह संस्कार में 25 लोग शामिल हो सकेंगे।

परदेसियों से जल्द लौटने की अपील
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दूसरे राज्य के लोगों से अपील की कि वे जल्द यहां लौट आएं। उन्होंने यहां उनको हरसंभव मदद करने की बात कही। सीएम ने कहा कि उन्हें यहीं रोजगार दिया जाएगा। यह भी कहा कि कोरोना पॉजिटिव मिलने पर उस क्षेत्र में कंटेनमेंट जोन बनाया जाएगा। अनुमंडलों में क्वारेंटाइन सेंटर बनाया जाएगा।

सूबे में 27 मौतें, 8690 नए मरीज मिले
सूबे में कोरोना से रविवार को 27 लोगों की जान चली गई। जबकि 8690 नए मरीज मिले हैं। एक दिन पहले शनिवार को मिले मरीजों से यह 820 ज्यादा है। 8690 नए मरीजों में सबसे अधिक पटना में 2290 मरीज मिले हैं। फिर गया में 753 मरीज मिले हैं। तीसरे नंबर पर सारण है। यहां 383 मरीज सामने आए हैं। चौथे नंबर पर भागलपुर है। यहां 376 नए मरीज मिले हैं। सूबे में एक्टिव मरीजों की संख्या 40 हजार पार कर गया है। एकटिव मरीजों की संख्या 44700 हो गई है। पटना में एक्टिव मरीजों की संख्या 12531 पहुंच गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *