अब फैलने लगा जीका वायरस, केरल में 63 संक्रमित, महाराष्ट्र में पहला मरीज

पटना : कोरोना वायरस की तीसरी लहर के बीच अब जीका वायरस फैलने लगा है। केरल में अब तक 63 संक्रमित मिल चुके हैं। केरल में जीका वायरस से संक्रमित दो और मरीज मिले हैं। वहीं महाराष्ट्र में भी पहला मरीज मिला है। पुणे के पुरंदर इलाके में 50 साल की महिला संक्रमित पाई गई है। महिला का चिकनगुनिया टेस्ट भी पॉजिटिव आया है। महाराष्ट्र स्टेट हेल्थ डिपार्टमेंट के अनुसार जीका वायरस से संक्रमित महिला पुणे की पुरंदर तहसील के बेलसर गांव की निवासी है। इन्हें जुलाई की शुरुआत में बुखार आया था। इनके अलावा चार और लोगों के सैंपल पुणे के नेशनल इंस्टीटयूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) में भेजे गए हैं। इनमें से तीन की चिकनगुनिया की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नेशनल इंस्टीटयूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) की एक टीम उस इलाके में जांच करने पहुंच थी। 27 जुलाई से 29 जुलाई तक टीम ने 41 लोगों के सैंपल लिए थे। इनमें 25 में चिकनगुनिया, 3 में डेंगू और एक में जीका वायरस मिला है। इसको देखते हुए हेल्थ डिपार्टमेंट पूरे गांव का सर्वे करने की योजना बना रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि संक्रमित महिला ठीक हो चुकी है। उनके परिवार में किसी में लक्षण नहीं मिला है।

युगांडा में 1940 में मिला था जीका का पहला केस
जीका वायरस का पहला केस युगांडा में 1940 में मिला था। तब से यह वायरस अफ्रीका के कई हिस्सों में अपना पांव पसरा। वायरस दक्षिण प्रशांत और एशिया के कुछ देशों में फैलते हुए लैटिन अमेरिका तक फैल चुका है। ब्राजील में भी जीका वायरस काफी संक्रमण फैलाया था। विशेषज्ञों ने बताया कि 2014 के फुटबॉल वर्ल्ड कप के दौरान यह संक्रमण एशिया में पहुंचा होगा।

जीका वायरस के लक्षण
जीका वायरस एडीज इजिप्टी नाम के मच्छर से फैल रहा है। इस मच्छर के कारण पीला बुखार, डेंगू और चिकनगुनिया होता है। जीका वायरस संक्रमित मां से उसके नवजात बच्चे में भी फैलता है। वायरस ब्लड ट्रांसफ्यूजन व यौन संबंधों से भी फैलता है। जीका वायरस को तुरंत पहचानना थोड़ा कठिन है। अगर, मच्छरों के काटने के तीन से बारह दिनों में चार में से तीन लोगों को तेज बुखार, रैशेज, सिर दर्द और जोड़ों में दर्द होने के लक्षण मिलते हैं तो वह जीका वायरस हो सकता है।

जीका से बचाव का तरीका
जीका वायरस से बचाव के कई आसान तरीके हैं। अपने घर और कमरों में कीटनाशकों का उपयोग करें। पूरी बाजू वाली शर्ट और टी-शर्ट पहनें। खिड़कियों और दरवाजों को बंद रखें, ताकि मच्छर से बच सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *