पटना: राजधानी पटना के कंकड़बाग पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया है। इसमें कई जवान घायल हो गए हैं। अतिक्रमणकारियों द्वारा रोड़ेबाजी के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। घटना मलाही पकड़ी इलाके की है। यहां अवैध रूप से झोपड़ी बनाकर रह रहे लोगों को पुलिस हटाने गई थी। इतने में अतिक्रमणकारियों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस पर हमला करने में काफी संख्या में महिलाएं भी थीं। अतिक्रमणकारियों द्वारा रोड़ेबाजी करने से नगर निगम की टीम वहां से भाग गई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया। साथ ही अतिक्रमणकारियों को समझाने की कोशिश की गई। इधर, अतिक्रमणकारियों ने पुलिस टीम पर महिला को पीटने का आरोप लगाया है। लोगों ने कहा कि वे लोग वर्षों से यहां झुग्गी झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं। सरकारी स्तर पर कोई सुविधा तक नहीं मिलती। ऐसे में इन झोपड़ियों को तोड़कर पदाधिकारी उन्हें परेशान करना चाहते हैं।

नवादा में भी पुलिस टीम पर हमला, थानाध्यक्ष समेत 4 घायल
नवादा में दो पक्षों के विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इसमें थानाध्यक्ष समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में नौ लोगों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद लोगों ने नवादा-गया रोड को जाम कर दिया। घटना हिसुआ थानाक्षेत्र की है। फिलहाल प्रदर्शनकारियों को पुलिस समझाने में लगी है। सड़क जाम किए लोगों का कहना है कि पुलिस ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है, उन्हें रिहा करे। साथ ही जब तक वरीय पुलिस अधिकारी वहां नहीं आ जाते वे लोग सड़क जाम नहीं हटाएंगे।