पटना : दहेज के रूप में पांच लाख रुपए के लिए एक शख्स ने अपनी गर्भवती पत्नी और बेटे को जिंदा जला डाला। घर के अंदर बिस्तर पर पत्नी और तीन साल के बेटे का जला शव मिला है। घटना सुपौल जिले की है। यहां त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसहा पंचायत में आठ माह की गर्भवती रंजन देवी और बेटे प्रभव आशीष का शव कमरे से जला हुआ मिला। रंजन के मायके वालों ने अपने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है। पड़ोसी ने घर से धुआं उठता देखा तो कमरे में घुसे। यहां महिला और उसके बच्चे का जला शव देखकर दंग रह गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी।
चार साल पहले हुई थी शादी
मृतका रंजन का मायका बभनगामा पंचायत अंतर्गतज गनेशपुर मलहनमा में है। इनके पिता महेंद्र यादव ने चार साल पहले रंजन की शादी मयूरवा निवासी अनंत यादव के बेटे आशीष कुमार से कराई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही परिवार वालों पांच लाख रुपए की मांग कर रहे थे। थानाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह ने बताया कि मायके वालों की शिकायत पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।